भागलपुर में छात्र की हत्या के बाद स्कूल में दहशत, प्रशिक्षु डीएसपी ने किया निरीक्षण

चारदीवारी और सुरक्षा के अभाव पर उठे सवाल, आरोपी अब भी फरार

भागलपुर के मध्य विद्यालय कंझिया में 12वीं के छात्र शिवराज कुमार की चाकू गोदकर हत्या के बाद इलाके में तनाव और डर का माहौल बना हुआ है। घटना 23 जनवरी की शाम उस वक्त हुई थी, जब स्कूल परिसर में सरस्वती पूजा देखने के दौरान आपसी विवाद में छात्र पर जानलेवा हमला कर दिया गया। हत्या के बाद से आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है।

घटना के बाद शुक्रवार को प्रशिक्षु डीएसपी प्रेरणा कुमारी मधुसूदनपुर थानाध्यक्ष सफदर अली के साथ मध्य विद्यालय कंझिया पहुंचीं और पूरे मामले की जांच की। उन्होंने स्कूल प्रशासन, शिक्षकों और कर्मियों से बातचीत कर स्थिति का जायजा लिया।

“डरने की जरूरत नहीं, पुलिस साथ है”
निरीक्षण के दौरान प्रशिक्षु डीएसपी ने स्कूल प्रशासन को भरोसा दिलाया कि किसी को घबराने की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि शिक्षक और छात्र निडर होकर पढ़ाई जारी रखें। यदि कोई असामाजिक तत्व या संदिग्ध गतिविधि नजर आती है, तो उसकी फोटो या वीडियो बनाकर तुरंत स्थानीय पुलिस को सूचना दें।

प्राचार्य ने गिनाईं पुरानी समस्याएं
विद्यालय के प्राचार्य सुधांशु शेखर तिवारी ने प्रशासन के सामने गंभीर समस्याएं रखीं। उन्होंने बताया कि स्कूल परिसर में पहले भी असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगता रहा है। करीब तीन साल पहले कुछ युवक स्कूल के पुराने भवन में नशा करते पाए गए थे। जब उन्हें रोका गया, तो हथियार दिखाकर धमकी दी गई। उस समय पुलिस और जनप्रतिनिधियों को सूचना दी गई थी, लेकिन मामला आगे नहीं बढ़ सका।

प्राचार्य ने यह भी बताया कि दिसंबर 2025 में भी पुलिस को शिकायत दी गई थी। पुलिस गश्त के दौरान असामाजिक तत्व फरार हो जाते हैं, लेकिन पुलिस के जाने के बाद दोबारा स्कूल परिसर में जुट जाते हैं।

चारदीवारी नहीं, सुरक्षा व्यवस्था नदारद
स्कूल की सबसे बड़ी समस्या चारदीवारी का न होना है। चारों ओर से खुले रास्ते होने के कारण कोई भी व्यक्ति आसानी से परिसर में प्रवेश कर जाता है। प्राचार्य ने बताया कि विभाग को कई बार चारदीवारी निर्माण के लिए पत्र लिखा गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

दोनों छात्र साथ घूमते थे
प्राचार्य ने बताया कि मृतक शिवराज और आरोपी छात्र को वे अक्सर साथ घूमते देखते थे, क्योंकि दोनों का परिसर एक ही था। हालांकि आरोपी उच्च विद्यालय कंझिया में पढ़ता था।

फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है। स्कूल प्रशासन और स्थानीय लोगों की मांग है कि जल्द से जल्द आरोपी की गिरफ्तारी हो और स्कूल परिसर में स्थायी सुरक्षा व्यवस्था तथा चारदीवारी का निर्माण कराया जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

  • Related Posts

    फॉर्मर आईडी पर सदन में गरमाया मामला, मंत्री बोले—किसी किसान का लाभ नहीं रुका

    Share Add as a preferred…

    Continue reading