भागलपुर में विधानसभा चुनाव के लिए EVM और VVPAT का प्रथम रैंडमाइजेशन संपन्न

समीक्षा भवन में हुआ आयोजन, सभी प्रमुख दलों के प्रतिनिधि रहे मौजूद

भागलपुर | 13 अक्टूबर 2025: बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 की तैयारियों के तहत सोमवार को भागलपुर जिले में EVM (इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन) और VVPAT (वोटर वेरीफाएबल पेपर ऑडिट ट्रेल) का प्रथम रैंडमाइजेशन किया गया। यह प्रक्रिया जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी की उपस्थिति में समीक्षा भवन सभागार में सम्पन्न हुई।

रैंडमाइजेशन के माध्यम से प्रथम स्तरीय जांच (FLC) में सही पाई गई मशीनों को विधानसभावार यादृच्छिक (Random) तरीके से आवंटित किया गया। यह प्रक्रिया भारत निर्वाचन आयोग के पोर्टल EVM Management System (EMS-1) के जरिए पूरी की गई।


152 से 158 तक सभी विधानसभा क्षेत्रों के लिए हुआ मशीन आवंटन

जिले की सभी सात विधानसभा सीटों — 152-बिहपुर, 153-गोपालपुर, 154-पीरपैंती (अ.जा.), 155-कहलगांव, 156-भागलपुर, 157-सुलतानगंज और 158-नाथनगर — के लिए रैंडमाइजेशन किया गया।

इस अवसर पर राष्ट्रीय एवं राज्यस्तरीय मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। इनमें आम आदमी पार्टी, बहुजन समाज पार्टी, भारतीय जनता पार्टी, कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया (मार्क्सवादी), इंडियन नेशनल कांग्रेस, जनता दल (यू), राष्ट्रीय जनता दल, लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास), राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी, राष्ट्रीय लोक समता पार्टी और भाकपा (माले-लिबरेशन) के प्रतिनिधि शामिल थे।


राजनीतिक दलों की उपस्थिति में हुई पारदर्शी प्रक्रिया

प्रथम रैंडमाइजेशन पूर्ण होने के बाद विधानसभा-वार आवंटित EVM एवं VVPAT की सूची तैयार की गई, जिस पर जिला निर्वाचन पदाधिकारी और सभी उपस्थित दलों के प्रतिनिधियों ने संयुक्त रूप से हस्ताक्षर किए।

यह सूची अब सभी राष्ट्रीय एवं राज्यस्तरीय दलों के जिला कार्यालयों में उपलब्ध करा दी गई है। आवंटित मशीनों को आगे संबंधित निर्वाची पदाधिकारियों को उपयोग हेतु सौंपा जाएगा, जिसके बाद उन्हें निर्धारित स्ट्रॉन्ग रूम में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में सुरक्षित रखा जाएगा।


अंतिम उम्मीदवार सूची के बाद दोबारा होगी प्रक्रिया

निर्वाचन में उतरे अभ्यर्थियों की सूची के अंतिम रूप लेने के बाद, प्रथम रैंडमाइजेशन में चयनित मशीनों की सूची उम्मीदवारों को भी उपलब्ध कराई जाएगी।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि पूरी प्रक्रिया पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार संपन्न की गई।


डीएम डॉ. नवल किशोर चौधरी ने कहा:

“EVM और VVPAT रैंडमाइजेशन की यह प्रक्रिया लोकतांत्रिक प्रणाली में पारदर्शिता का प्रतीक है। निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार हर चरण में राजनीतिक दलों की उपस्थिति सुनिश्चित की जा रही है।”


 

  • Related Posts

    पटना में पुलिस और बदमाशों के बीच ‘एनकाउंटर’! छपरा के अपराधी के पैर में लगी गोली; 1200 कारतूसों का जखीरा देख पुलिस भी दंग

    Share Add as a preferred…

    Continue reading
    जदयू दफ्तर में ‘निशांत’ की धमक! सदस्यता के चौथे दिन ही संभाला मोर्चा; कार्यकर्ताओं से बोले- “युवाओं को जोड़ो, पिता के काम को घर-घर पहुंचाओ”

    Share Add as a preferred…

    Continue reading