धनरुआ (पटना)।पटना-गया मुख्य सड़क पर चोरपुलवा के पास रविवार को दिनदहाड़े गोलीबारी की वारदात से अफरातफरी मच गई। बाइक बनवा रहे एक युवक को बाइक सवार दो बदमाशों ने पास से गर्दन के पास गोली मार दी और फरार हो गए।
गंभीर रूप से घायल युवक की पहचान राहुल कुमार (पिता विजय यादव, निवासी जियाउद्दीनचक गांव) के रूप में हुई है। गोली लगते ही राहुल सड़क पर गिरकर तड़पने लगा। स्थानीय लोगों ने तुरंत उसे पटना के एक निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
वारदात ऐसे हुई
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, राहुल देवकुली मोड़ पर अपनी बाइक बनवा रहा था। इसी दौरान बाइक पर सवार दो युवक वहां आए और नजदीक से गोली चला दी। घटना इतनी तेज थी कि आसपास मौजूद लोग कुछ समझ पाते, तब तक हमलावर फरार हो गए।
पुरानी जातीय रंजिश का एंगल
पुलिस सूत्रों का कहना है कि घटना के पीछे गांव में वर्षों से चली आ रही दो जातियों के बीच तनाव का हाथ हो सकता है।
- 2022 में राहुल के चाचा खुवल यादव की हत्या गांव के ही दूसरी जाति के लोगों ने गोली मारकर कर दी थी।
- एक साल पहले भी गांव में इसी विवाद को लेकर बवाल हुआ था, जिसमें कई घरों में आग लगा दी गई थी।
- इस बार की गोलीबारी को भी उसी रंजिश का हिस्सा माना जा रहा है।
गांव में पुलिस छावनी
वारदात की खबर मिलते ही पुलिस ने जियाउद्दीनचक गांव को पुलिस छावनी में बदल दिया है, ताकि किसी भी तरह की हिंसा या प्रतिशोधी कार्रवाई को रोका जा सके। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन तनाव स्पष्ट रूप से महसूस किया जा सकता है।


