मायागंज अस्पताल में बुधवार से दिल के मरीजों को पेसमेकर लगाने की सुविधा का आगाज हो गया। इसी के साथ पूर्वी बिहार, कोसी-सीमांचल के 13 जिलों में से जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (मायागंज अस्पताल) पहला ऐसा सरकारी अस्पताल बन गया, जहां पर पेसमेकर लगाने की सुविधा है।
बुधवार को दोपहर बाद करीब साढ़े तीन बजे भागलपुर के सांसद अजय मंडल ने पेसमेकर लगाने के लिए ऑपरेशन थिएटर का उद्घाटन किया। ये पेसमेकर ऑपरेशन थिएटर आईसीयू के पीछे वाले हिस्से में बनाया गया है। इस मौके पर जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. उमाशंकर सिंह, मायागंज अस्पताल के अधीक्षक डॉ. उदय नारायण सिंह, मेडिसिन विभाग के अध्यक्ष डॉ. अविलेश कुमार आदि की मौजूदगी रही।
अभी एक पेसमेकर उपलब्ध
अधीक्षक डॉ. उदय नारायण सिंह ने बताया कि अभी एक टेंपरेरी पेसमेकर अस्पताल में उपलब्ध है। 80 और पेसमेकर उपलब्ध कराने के लिए बीएमएसआईसीएल को पत्र लिख दिया गया है। अभी यहां पर आयुष्मान योजना के लाभुकों को निशुल्क पेसमेकर लगाया जाएगा तो दूसरे हृदय रोगियों को निशुल्क लगाने-न लगाने को लेकर सरकार से मागदर्शन के लिए पत्र भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि मेडिसिन विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. अशोक कुमार सिंह की अगुवाई में हृदय रोगियों को पेसमेकर अस्पताल के कॉर्डियोलॉजिस्ट डॉ. सुमित शंकर लगाएंगे तो सर्जन की भूमिका असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. हरिशंकर प्रसाद निभाएंगे।


