अपराधियों की गिरफ्तारी में तेजी लाएं: एसएसपी का पीरपैंती थाना में औचक निरीक्षण, लंबित मामलों की समीक्षा

भागलपुर। एसएसपी प्रमोद कुमार यादव ने बुधवार दोपहर पीरपैंती थाना पहुंचकर औचक निरीक्षण किया और थाने की कार्यप्रणाली का विस्तृत जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने थाना परिसर, कार्यालय, बैरक और रिकॉर्ड व्यवस्था की जांच की तथा पुलिस अधिकारियों को लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन का निर्देश दिया।

निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने थानाध्यक्ष नीरज कुमार समेत सभी पुलिस पदाधिकारियों और अनुसंधानकर्ताओं के साथ बैठक कर केसों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने साफ निर्देश दिया कि मौजूदा कार्यगति को दोगुना किया जाए और लंबित मामलों का तेजी से निपटारा सुनिश्चित हो।

चार अनुसंधानकर्ता होंगे सम्मानित

एसएसपी ने कुल आठ अनुसंधानकर्ताओं के कामकाज की समीक्षा की। बेहतर प्रदर्शन करने वाले चार अनुसंधानकर्ता — संगम कुमारी, अविनाश राय, ब्रज किशोर चौधरी और जनक — को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि अच्छा काम करने वाले पुलिसकर्मियों को प्रोत्साहित किया जाएगा।

फरार अपराधियों पर कार्रवाई तेज करने का निर्देश

एसएसपी ने थानाध्यक्ष को निर्देश दिया कि फरार चल रहे अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया जाए। साथ ही क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाने और संवेदनशील मामलों पर सतर्क निगरानी रखने को कहा। महिलाओं और युवतियों के घर से भागने के मामलों को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने कहा कि पुलिस अपनी कार्रवाई कर रही है, लेकिन अभिभावकों को भी जागरूक रहने की जरूरत है।

नए थाना भवन की जमीन का भी किया निरीक्षण

दौरे के क्रम में एसएसपी अदानी थर्मल पावर प्लांट क्षेत्र भी पहुंचे। वहां टीओपी के स्थान पर प्रस्तावित नए थाना भवन के लिए चिन्हित जमीन का निरीक्षण किया। इस दौरान अदानी पावर, बिहार स्टेट पावर जेनरेशन कंपनी के इंजीनियरों और अधिकारियों तथा बीडीओ के साथ विस्तृत चर्चा की गई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से प्रक्रिया को आगे बढ़ाने को कहा, ताकि जल्द थाना भवन निर्माण का रास्ता साफ हो सके।

  • Related Posts

    नए अंदाज में लौट रहा है ‘परीक्षा पे चर्चा 2026’, 3.70 करोड़ से अधिक रिकॉर्ड पंजीकरण

    Share Add as a preferred…

    Continue reading