
भागलपुर, 16 जुलाई 2025।जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने आज सदर अनुमंडल कार्यालय परिसर में EVM डेमोंस्ट्रेशन सेंटर (EDC) का उद्घाटन किया। उन्होंने फीता काटकर केंद्र का शुभारंभ किया और इसे लोकतांत्रिक जागरूकता का महत्वपूर्ण माध्यम बताया।
यह केंद्र निर्वाचन की अधिसूचना जारी होने तक कार्यरत रहेगा। इसका उद्देश्य ईवीएम और वीवीपैट मशीनों के संचालन की जानकारी और पारदर्शिता को लेकर आम मतदाताओं में विश्वास और जागरूकता बढ़ाना है।
सुरक्षा और प्रबंधन के लिए की गई विशेष व्यवस्था
ईडीसी की सुरक्षा के लिए तीन शिफ्टों में दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। जिलाधिकारी ने इस केंद्र के संचालन एवं प्रचार-प्रसार को लेकर अधिकारियों को निर्देशित किया कि अधिक से अधिक लोगों को यहां आने हेतु प्रेरित किया जाए।
उद्घाटन अवसर पर उपस्थित पदाधिकारी
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त प्रदीप कुमार सिंह, सहायक समाहर्ता जतिन कुमार, उप निर्वाचन पदाधिकारी श्रीमती श्वेता कुमारी, सदर अनुमंडल पदाधिकारी विकास कुमार सहित अनेक वरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।


