
पटना, 15 जुलाई 2025: फरवरी 2024 में बिहार विधानसभा में नीतीश सरकार के विश्वास मत के दौरान विधायकों को प्रलोभन देने और रोके जाने के आरोपों की जांच में तेजी आई है। आर्थिक अपराध इकाई (ईओयू) ने पूर्व मंत्री और वर्तमान विधायक बीमा भारती सहित चार लोगों को पूछताछ के लिए 21 जुलाई को उपस्थित होने का नोटिस जारी किया है।
जिन लोगों को समन भेजा गया है:
- बीमा भारती – पूर्व मंत्री एवं विधायक
- प्रमोद कुमार – निवासी बारुण, औरंगाबाद
- संजय पटेल – निवासी जंदाहा, वैशाली
- सन्नी कुमार – निवासी नारायणपुर देवपुरा, वैशाली
इन सभी को पटना स्थित ईओयू कार्यालय में बयान दर्ज कराने के लिए उपस्थित होने को कहा गया है। ईओयू इस पूछताछ को साक्ष्य संग्रहण की दृष्टि से महत्वपूर्ण मान रही है।
मामले में वैशाली निवासी ई. सुनील से पहले ही एक बार पूछताछ हो चुकी है। सूत्रों के अनुसार, उनके बयान में कई जानकारियाँ सामने आई हैं, जिनके सत्यापन की प्रक्रिया जारी है। जांच एजेंसी का मानना है कि विश्वास मत के दौरान कुछ विधायकों को विधानसभा सत्र में भाग लेने से रोकने और उन्हें प्रलोभन देने के प्रयास किए गए थे।
ईओयू संबंधित सभी बिंदुओं की गहन पड़ताल कर रही है। पूछताछ में यदि नई जानकारियाँ सामने आती हैं तो अन्य लोगों को भी तलब किया जा सकता है।


