पटना: बिहार में मॉडल विद्यालयों में कक्षा नौ में नामांकन के लिए 11 मार्च को प्रवेश परीक्षा आयोजित की जाएगी। शिक्षा विभाग की ओर से इस संबंध में राज्य के सभी जिलों को निर्देश जारी कर दिए गए हैं। परीक्षा में सफल विद्यार्थियों का चयन मेधा सूची के आधार पर किया जाएगा।
प्रवेश परीक्षा के सफल आयोजन के लिए राज्य शिक्षा शोध एवं प्रशिक्षण परिषद (एससीईआरटी) विशेष तैयारी कर रहा है।
‘सात निश्चय-तीन’ के तहत खुलेंगे मॉडल विद्यालय
राज्य सरकार ने छात्रों को प्रारंभिक स्तर से ही प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए तैयार करने का निर्णय लिया है। इसी उद्देश्य से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने ‘सात निश्चय-तीन’ योजना के तहत शैक्षणिक सत्र 2026-27 से राज्य के सभी 534 प्रखंडों में मॉडल विद्यालय खोलने का निर्देश दिया है।
इन विद्यालयों में कक्षा नौ से ही छात्रों को नीट, जेईई, ओलंपियाड सहित अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराई जाएगी।
अनुभवी शिक्षक और नियमित टेस्ट सीरीज
मॉडल विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने के लिए अनुभवी शिक्षकों और विषय विशेषज्ञों की नियुक्ति की जाएगी। छात्रों के शैक्षणिक स्तर को बेहतर बनाने के लिए नियमित टेस्ट सीरीज आयोजित की जाएगी।
इसके अलावा विद्यार्थियों के प्रदर्शन का विश्लेषण कर उनकी कमजोरियों को दूर करने के लिए विशेष शैक्षणिक सहायता प्रदान की जाएगी।
आधुनिक सुविधाओं से लैस होंगे विद्यालय
इन विद्यालयों में स्मार्ट क्लासरूम की व्यवस्था होगी, जिससे तकनीक आधारित पढ़ाई को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही आधुनिक लाइब्रेरी और अत्याधुनिक प्रयोगशालाएं भी स्थापित की जाएंगी, ताकि विज्ञान और अन्य विषयों की पढ़ाई अधिक प्रभावी हो सके।
छात्रों के लिए संदेह समाधान सत्र (डाउट क्लियरिंग सेशन) आयोजित किए जाएंगे। इसके अलावा व्यक्तिगत कैरियर काउंसिलिंग और मार्गदर्शन की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि विद्यार्थी अपने भविष्य की बेहतर योजना बना सकें।
ऑनलाइन आवेदन की सुविधा
इच्छुक विद्यार्थी कक्षा नौ में नामांकन के लिए एससीईआरटी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन रखी गई है, जिससे छात्रों को सुविधा मिल सके।
राज्य सरकार का मानना है कि मॉडल विद्यालयों की स्थापना से ग्रामीण और पिछड़े क्षेत्रों के छात्रों को भी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का अवसर मिलेगा और प्रतियोगी परीक्षाओं में उनकी सफलता दर में वृद्धि होगी।


