भागलपुर, भागलपुर जिले के सुल्तानगंज प्रखंड अंतर्गत दिलगौरी गांव स्थित इसलामगंज क्षेत्र में बिहार सरकार की सड़क भूमि पर किए गए अतिक्रमण को जिला प्रशासन ने मंगलवार को हटाया। यह कार्रवाई पटना उच्च न्यायालय के आदेश के आलोक में की गई, जिसमें सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने का निर्देश दिया गया था।
कार्रवाई के दौरान प्रभारी अंचल अधिकारी शालिनी कुमारी एवं सुल्तानगंज थाना अध्यक्ष मृत्युंजय कुमार दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। सरकारी अमीन द्वारा पहले भूमि की विधिवत नापी कराई गई, जिसके बाद सड़क की सरकारी जमीन पर बने अतिक्रमण को चिन्हित किया गया। इसके पश्चात प्रशासन ने बुलडोजर की मदद से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की।
प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, सड़क की सरकारी भूमि पर बने लगभग 10 से 12 अवैध निर्माणों को हटाकर क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त कराया गया। इस दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए सैकड़ों की संख्या में पुलिस बल, सैफ के जवान एवं दंडाधिकारी मौके पर तैनात रहे।
बाइट – शालिनी कुमारी, प्रभारी अंचल अधिकारी
“गांव के ही निवासी शेख अयुब इसलाही द्वारा उच्च न्यायालय में याचिका दायर की गई थी। हाईकोर्ट के निर्देश के अनुपालन में अनुमंडल पदाधिकारी के आदेश पर यह कार्रवाई की गई है। बिहार सरकार की सड़क की जमीन को पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त कराया गया है।”
कार्रवाई के दौरान स्थानीय लोग बड़ी संख्या में मौजूद रहे। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि यह कार्रवाई पूरी तरह न्यायालय के आदेश के तहत और विधिसम्मत प्रक्रिया अपनाते हुए की गई है। अधिकारियों ने यह भी कहा कि सरकारी भूमि पर भविष्य में किसी भी प्रकार के अतिक्रमण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
फिलहाल प्रशासन द्वारा क्षेत्र की निगरानी की जा रही है ताकि दोबारा अतिक्रमण की स्थिति उत्पन्न न हो। जिला प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध निर्माण न करें।


