बिहार से राज्यसभा की 5 सीटों पर चुनाव: क्या निशांत कुमार और पवन सिंह को मिल सकता है मौका?

बिहार की सियासत में राज्यसभा चुनाव को लेकर हलचल तेज हो गई है। सूत्रों के मुताबिक, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार को जदयू की ओर से राज्यसभा भेजे जाने की चर्चा है। हालांकि अभी तक किसी भी दल की ओर से आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।

जदयू कोटे से निशांत और रामनाथ ठाकुर?

सूत्रों का दावा है कि जदयू के कोटे से दो नाम लगभग तय माने जा रहे हैं। इनमें निशांत कुमार के साथ केंद्रीय राज्यमंत्री रामनाथ ठाकुर का नाम भी चर्चा में है।

निशांत कुमार को राजनीति में सक्रिय करने की मांग लंबे समय से जदयू नेताओं द्वारा उठाई जाती रही है। हालिया विधानसभा चुनाव में भी वे विभिन्न क्षेत्रों में प्रचार करते नजर आए थे। समर्थकों द्वारा उन्हें सक्रिय राजनीति में आने का आग्रह किया जाता रहा है।

बीजेपी कोटे से हरिवंश और पवन सिंह?

बीजेपी की ओर से उपसभापति हरिवंश नारायण सिंह का नाम राज्यसभा के लिए लगभग तय माना जा रहा है। इसके अलावा भोजपुरी इंडस्ट्री के चर्चित चेहरा पवन सिंह के नाम की भी सियासी गलियारों में चर्चा है।

पवन सिंह हाल ही में लोकसभा चुनाव में काराकाट सीट से निर्दलीय मैदान में उतरे थे, लेकिन हार का सामना करना पड़ा। इसके बाद उन्होंने बीजेपी में वापसी की और विधानसभा चुनाव में स्टार प्रचारक की भूमिका निभाई। हाल में उनकी भाजपा प्रदेश अध्यक्ष नितिन नवीन से मुलाकात के बाद अटकलें और तेज हो गई हैं।

16 मार्च को होगा मतदान

बिहार की 5 राज्यसभा सीटों पर 16 मार्च को चुनाव होना है। वर्तमान में इनमें से 3 सीटें एनडीए और 2 सीटें राजद के पास हैं।

जिन सदस्यों का कार्यकाल 9 अप्रैल 2026 को समाप्त हो रहा है, उनमें अमरेंद्र धारी सिंह, प्रेम चंद गुप्ता, रामनाथ ठाकुर, उपेंद्र कुशवाहा और हरिवंश नारायण सिंह शामिल हैं।

चुनाव कार्यक्रम इस प्रकार है:

  • नामांकन की प्रक्रिया: 26 फरवरी से
  • नामांकन पत्रों की जांच: 6 मार्च
  • नाम वापसी की अंतिम तिथि: 9 मार्च
  • मतदान: 16 मार्च (सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक)
  • मतगणना: 16 मार्च (शाम 5 बजे से)
  • चुनाव प्रक्रिया की समाप्ति: 20 मार्च

राजनीतिक दलों की ओर से आधिकारिक घोषणा का इंतजार है, लेकिन संभावित नामों को लेकर बिहार की सियासत में चर्चाएं जोरों पर हैं।

  • Related Posts

    होली स्पेशल ट्रेनों का संचालन शुरू, यूपी-बिहार के यात्रियों को मिलेगी राहत

    Share Add as a preferred…

    Continue reading
    ई-शिक्षा कोष पोर्टल पर रिपोर्ट नहीं भरने पर सुपौल के 626 स्कूलों पर कार्रवाई, 11.30 लाख रुपये की कटौती

    Share Add as a preferred…

    Continue reading