भागलपुर, 29 अक्टूबर 2025।बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 के दौरान भागलपुर जिले में निर्वाचन कर्तव्य पर तैनात सभी कर्मियों, चालकों, खलासियों, क्लीनरों और पुलिसकर्मियों के लिए डाक मतपत्र (Postal Ballot) से मतदान की सुविधा शुरू की जा रही है। यह प्रक्रिया 29 अक्टूबर से 2 नवंबर 2025 तक प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगी।
मतपत्र कोषांग द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, वे सभी कर्मी जिन्होंने प्रथम प्रशिक्षण के दौरान प्रपत्र-12 (Form-12) जमा किया था, वे इस अवधि में अपने निर्धारित फैसिलिटेशन सेंटर (Facilitation Centre) पर जाकर मतदान कर सकेंगे।
फैसिलिटेशन सेंटर (FC) के नाम:
- इंटरस्तरीय जिला स्कूल, भागलपुर
- नवस्थापित जिला स्कूल, खिरनी घाट, भागलपुर
- मारवाड़ी पाठशाला, भागलपुर
- राजकीय बालिका उच्च विद्यालय, भागलपुर
- मुस्लिम माइनोरिटी हाई स्कूल, भागलपुर
- मुस्लिम माइनोरिटी इंटर कॉलेज, भागलपुर
डाक मतपत्र से मतदान के लिए प्रत्येक कर्मी को नियुक्ति पत्र तथा EPIC (मतदाता पहचान पत्र) या निर्वाचन आयोग द्वारा मान्य अन्य 12 वैकल्पिक पहचान पत्रों में से कोई एक साथ लाना अनिवार्य होगा।
अन्य जिलों के कर्मियों के लिए अतिरिक्त व्यवस्था
द्वितीय चरण के मतदान वाले अन्य जिलों — जैसे औरंगाबाद, बांका, अररिया, जहानाबाद, शिवहर, सुपौल, पूर्वी चंपारण (मोतीहारी), गया, मधुबनी, जमुई, कैमूर (भभुआ), अरवल, नवादा, कटिहार, पूर्णिया, रोहतास, किशनगंज, सीतामढ़ी एवं पश्चिमी चंपारण (बेतिया) — में तैनात कर्मियों के लिए भी अतिरिक्त फैसिलिटेशन सेंटर (AFC) की व्यवस्था की गई है।
अतिरिक्त फैसिलिटेशन सेंटर (AFC):
- स्थान: इंटरस्तरीय जिला स्कूल, भागलपुर
- मतदान की तिथि: 30 एवं 31 अक्टूबर 2025
- समय: पूर्वाह्न 10:00 बजे से अपराह्न 05:00 बजे तक
- आवश्यक दस्तावेज: नियुक्ति पत्र एवं EPIC अथवा मान्य पहचान पत्र।
जिला प्रशासन ने सभी निर्वाचन कर्तव्य पर तैनात कर्मियों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि, समय और स्थान पर पहुँचकर अपने लोकतांत्रिक अधिकार का प्रयोग करें और निर्वाचन प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें।


