भागलपुर: लगातार बढ़ती ठंड और घने कोहरे ने आम जनजीवन के साथ-साथ रेल यातायात को भी बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। कोहरे के कारण ट्रेनों की रफ्तार काफी धीमी हो गई है, जिसका सीधा असर लंबी दूरी की ट्रेनों के परिचालन पर पड़ रहा है। खासकर दूसरे राज्यों से भागलपुर आने वाली अधिकांश प्रमुख ट्रेनें अपने निर्धारित समय से कई घंटे की देरी से चल रही हैं।
रेल सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार भटिंडा–बालू घाट फरक्का एक्सप्रेस करीब 6 घंटे की देरी से भागलपुर पहुंच रही है। वहीं राजधानी दिल्ली से आने वाली विक्रमशिला एक्सप्रेस और गरीब रथ एक्सप्रेस के भी लगभग 6 घंटे विलंब से भागलपुर पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। इसके अलावा अन्य कई मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों की समय-सारिणी भी प्रभावित हुई है।
ट्रेनों की लेटलतीफी का सबसे ज्यादा असर यात्रियों पर देखने को मिल रहा है। ठंड और घने कोहरे के बीच यात्रियों को रेलवे स्टेशन पर घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। कई यात्रियों ने बताया कि ट्रेनों की सही स्थिति की समय पर जानकारी नहीं मिलने से उनकी परेशानी और बढ़ गई है। ठंड में बच्चों, बुजुर्गों और महिला यात्रियों को खासा कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है।
यात्रियों का कहना है कि यदि ट्रेनों के विलंब की सूचना पहले से मिल जाए तो वे अपनी यात्रा की योजना बेहतर तरीके से बना सकते हैं, लेकिन सूचना के अभाव में उन्हें स्टेशन पर लंबे समय तक ठिठुरते हुए इंतजार करना पड़ता है।
मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल ठंड और घने कोहरे से राहत मिलने के आसार नहीं हैं। ऐसे में आने वाले कुछ दिनों तक रेल परिचालन पर इसका असर बने रहने की संभावना है। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले ट्रेन की स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें और आवश्यक सावधानी बरतें।


