
नई दिल्ली |रक्षा मंत्रालय के पूर्व सचिव और वरिष्ठ आईएएस अधिकारी डॉ. अजय कुमार ने गुरुवार को संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) के अध्यक्ष के रूप में पदभार ग्रहण किया। उन्हें आयोग के सबसे वरिष्ठ सदस्य लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) राज शुक्ला ने पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
डॉ. अजय कुमार 1985 बैच के केरल कैडर के आईएएस अधिकारी हैं और उनके पास प्रशासन, नीति निर्माण और तकनीकी विकास के क्षेत्र में तीन दशकों से अधिक का समृद्ध अनुभव है।
ई-गवर्नेंस में अग्रणी भूमिका
डॉ. कुमार को भारत सरकार की कई प्रमुख ई-गवर्नेंस पहलों की नींव रखने का श्रेय जाता है। उन्होंने “जीवन प्रमाण” (पेंशनर्स के लिए डिजिटल सर्टिफिकेट), MyGov, PRAGATI (प्रधानमंत्री की समीक्षा परियोजना), बायोमेट्रिक अटेंडेंस सिस्टम, AIIMS की ओपीडी पंजीकरण प्रणाली, और “Cloud First” नीति जैसी योजनाओं के सफल कार्यान्वयन में निर्णायक भूमिका निभाई है।
शानदार प्रशासनिक करियर
- राज्य स्तर पर उन्होंने केरल में इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी विभाग के प्रबंध निदेशक और प्रधान सचिव जैसे अहम पदों पर सेवाएं दीं।
- केंद्र सरकार में, उन्होंने विज्ञान और प्रौद्योगिकी निदेशक, संचार और आईटी मंत्रालय में संयुक्त सचिव, राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र (NIC) के महानिदेशक, और बाद में रक्षा उत्पादन सचिव तथा रक्षा मंत्रालय के सचिव जैसे उच्चस्तरीय पदों पर कार्य किया।
मजबूत शैक्षणिक पृष्ठभूमि
डॉ. अजय कुमार ने आईआईटी कानपुर से इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में बीटेक किया है। इसके बाद उन्होंने मिनेसोटा विश्वविद्यालय (अमेरिका) से एप्लाइड इकोनॉमिक्स में एमएस और कार्लसन स्कूल ऑफ मैनेजमेंट से बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन में पीएचडी की। उन्हें 2019 में एमिटी यूनिवर्सिटी द्वारा डॉक्टरेट की मानद उपाधि भी दी गई।
राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान
डॉ. कुमार के लेख अनेक प्रतिष्ठित राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय जर्नल्स में प्रकाशित हो चुके हैं। उन्हें कई महत्वपूर्ण पुरस्कारों से भी नवाजा गया है, जिनमें शामिल हैं:
- सिल्वर एलीफेंट मेडल – भारत स्काउट्स एंड गाइड्स द्वारा (1994)
- इलेक्ट्रॉनिक्स लीडर ऑफ द ईयर – 2012
- टेक्नोवेशन साराभाई अवार्ड – IESA द्वारा (2015)
- चैंपियन ऑफ चेंज – CEAMA द्वारा (2017)


