डोनाल्ड ट्रंप ने PM मोदी से की फोन पर बातचीत, भारत-अमेरिका ट्रेड डील पर जल्द हो सकता है बड़ा ऐलान

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से फोन पर बातचीत की है. इस बात की जानकारी भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर दी. उन्होंने पोस्ट करते हुए लिखा, “राष्ट्रपति ट्रंप ने अभी प्रधानमंत्री मोदी से बात की. स्टे ट्यून्ड…”

भारत-अमेरिका ट्रेड डील पर तेज हुई बातचीत

रिपोर्ट्स के मुताबिक, भारत और अमेरिका के बीच द्विपक्षीय व्यापार समझौते (BTA) को लेकर वार्ता में उल्लेखनीय प्रगति हुई है और जल्द ही इस समझौते को अंतिम रूप दिया जा सकता है. दोनों देशों के बीच व्यापार, निवेश और रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने पर जोर दिया जा रहा है.

इससे पहले दिसंबर 2025 में भी प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति ट्रंप के बीच फोन पर बातचीत हुई थी. तब दोनों नेताओं ने साझा चुनौतियों से निपटने और आपसी हितों को बढ़ावा देने के लिए मिलकर काम करने पर सहमति जताई थी.

दिसंबर की बातचीत में क्या हुआ था?

दिसंबर में हुई बातचीत के बाद पीएम मोदी ने एक्स पर लिखा था,
“राष्ट्रपति ट्रंप के साथ बहुत गर्मजोशी भरी और सार्थक बातचीत हुई. हमने द्विपक्षीय संबंधों की प्रगति की समीक्षा की और क्षेत्रीय व अंतरराष्ट्रीय विकास पर चर्चा की. भारत और अमेरिका वैश्विक शांति, स्थिरता व समृद्धि के लिए एक साथ काम करते रहेंगे.”

उस दौरान दोनों नेताओं ने भारत-अमेरिका संबंधों की स्थिर प्रगति की समीक्षा की थी और प्रमुख क्षेत्रीय व वैश्विक मुद्दों पर विचारों का आदान-प्रदान किया था.

ट्रंप ने की PM मोदी की तारीफ

21 जनवरी को दावोस में वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम के 56वें शिखर सम्मेलन के दौरान भी ट्रंप ने भारत-अमेरिका ट्रेड डील को लेकर भरोसा जताया था. मनीकंट्रोल के सवाल पर उन्होंने कहा था,
“मुझे आपके प्रधानमंत्री के लिए बहुत सम्मान है. वह एक शानदार इंसान और मेरे दोस्त हैं, और हमारे बीच एक अच्छी डील होने वाली है.”

“बहुत जल्द” आ सकती है डील की पहली किस्त

भारत के वाणिज्य सचिव राजेश अग्रवाल ने भी संकेत दिए थे कि भारत-अमेरिका BTA की पहली किस्त, जिसका लंबे समय से इंतजार हो रहा है, बहुत जल्द सामने आ सकती है. हालांकि उन्होंने इसकी कोई निश्चित समयसीमा नहीं बताई.

माना जा रहा है कि यह समझौता दोनों देशों के व्यापारिक रिश्तों को नई ऊंचाई देगा और टेक्नोलॉजी, रक्षा, ऊर्जा व निवेश के क्षेत्रों में बड़े अवसर खोलेगा.


 

  • Related Posts

    पटना बैंक घोटाले का ‘मास्टरमाइंड’ 24 साल बाद धराया: साहिबगंज में छिपा था कटिहार का अब्दुल गनी; 10 करोड़ का किया था गबन, मोबाइल लोकेशन से CBI ने दबोचा

    Share Add as a preferred…

    Continue reading