वैशाली डीटीओ ऑफिस में डीएम का औचक निरीक्षण, एक दलाल गिरफ्तार, कई अधिकारी अनुपस्थित

वैशाली जिले के हाजीपुर स्थित जिला परिवहन कार्यालय में सोमवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब जिलाधिकारी वर्षा सिंह अचानक निरीक्षण के लिए पहुंच गईं। डीएम के पहुंचते ही कई कर्मचारी इधर-उधर भागने लगे, जबकि कुछ अधिकारी मौके से गायब पाए गए। इस दौरान एक कथित दलाल को गिरफ्तार किया गया, जो ड्राइविंग लाइसेंस और अन्य दस्तावेजों के नाम पर लोगों से सौदेबाजी करता पाया गया।

सूचना के आधार पर हुई कार्रवाई

डीएम वर्षा सिंह ने बताया कि उन्हें लगातार शिकायत मिल रही थी कि डीटीओ कार्यालय में अनाधिकृत लोगों की आवाजाही रहती है और ड्राइविंग लाइसेंस व आरसी बनाने के नाम पर अवैध वसूली की जा रही है। इसी सूचना के आधार पर औचक निरीक्षण किया गया, जिसमें एक दलाल को पकड़ा गया। उसके मोबाइल फोन से कई ऐसे सबूत मिले हैं जो अवैध गतिविधियों की पुष्टि करते हैं। मामले की जानकारी सदर थाने को दे दी गई है और पुलिस एफआईआर दर्ज कर आगे की कार्रवाई कर रही है।

अधिकारियों की अनुपस्थिति पर सख्ती

निरीक्षण के दौरान कई पदाधिकारी अनुपस्थित मिले। डीएम ने कहा कि उस समय कार्यालय में केवल डीटीओ मौजूद थे, जबकि एडीटीओ और एमवीआई सहित अन्य अधिकारी नहीं थे। अनुपस्थित अधिकारियों से स्पष्टीकरण मांगा जाएगा और संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।

लंबित मामलों की भी होगी जांच

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि कार्यालय में लंबित फाइलों और कार्यों की भी समीक्षा की जाएगी। किस कर्मचारी को क्या जिम्मेदारी दी गई है और कौन-कौन से काम लंबित हैं, इसकी विस्तृत जांच होगी। दोषी पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों पर भी कार्रवाई की बात कही गई है।

दलालों का अड्डा बनने की शिकायत

प्रशासन को लंबे समय से शिकायत मिल रही थी कि जिला परिवहन कार्यालय दलालों का अड्डा बन चुका है और आम लोगों से लाइसेंस व आरसी के नाम पर अवैध वसूली की जा रही है। इसी के मद्देनजर डीएम ने दल-बल के साथ छापेमारी की, जिसमें कई अनियमितताएं सामने आईं।

  • Related Posts

    पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव में बिहार के 44 IAS अधिकारी बनेंगे केंद्रीय पर्यवेक्षक

    Share Add as a preferred…

    Continue reading