भागलपुर। हर साल की तरह इस बार भी घोघा से लगभग पांच हजार कावरी यात्री सुल्तानगंज के लिए रवाना हुए। सभी कांवरिया ट्रेन से सुल्तानगंज पहुंचे। घोघा स्टेशन पर देर रात तक कांवरियों की भीड़ नजर आई।
कांवरियों का कहना है कि यह परंपरा सौ वर्षों से भी चली आ रही है, जिसमें हर उम्र के लोग—बच्चे, बूढ़े और महिलाएँ—भाग लेते हैं। सभी सुल्तानगंज में जल भरकर देवघर के लिए प्रस्थान करेंगे।
स्थानीय कांवरिया ललन यादव ने बताया कि वे पिछले 20 सालों से इस पैदल यात्रा में शामिल हो रहे हैं। उनका कहना है कि भादो अमावस्या के अवसर पर घोघा के वासी हर साल बाबा के आशीर्वाद के लिए देवघर की यात्रा करते हैं।
घोघा के छोटी चौक से लेकर स्टेशन चौक तक कांवरियों के लिए जागरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। भक्तिमय माहौल में अंगिका राज की गायकी ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।
तीन वर्षों से इस आयोजन का जिम्मा घोघा बम शिविर के सपन यादव द्वारा संभाला जा रहा है। आयोजन के दौरान कांवरियों को कोल्ड ड्रिंक, चाय और पानी मुफ्त वितरित किया गया।
इस वार्षिक परंपरा ने भक्तिमय माहौल का संचार करते हुए श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को भावपूर्ण अनुभव प्रदान किया।


