घर के आंगन से मिले डेटोनेटर और विस्फोटक, गांव में मचा हड़कंप

पश्चिम चंपारण के अहिरवलिया में पुलिस की छापेमारी, दो भाई हिरासत में

पश्चिम चंपारण।जिले के चौतरवा थाना क्षेत्र अंतर्गत अहिरवलिया बिरति टोला गांव में शनिवार देर रात उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब पुलिस ने एक घर से विस्फोटक सामग्री बरामद करने का दावा किया। जैसे ही यह खबर फैली, पूरे गांव में दहशत का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।

पुलिस के मुताबिक वार्ड संख्या 13 निवासी नीरज राव के घर के आंगन से एक झोले में रखे दो डेटोनेटर और तीन विस्फोटक बरामद किए गए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने नीरज राव और उनके छोटे भाई रिशु राव को पूछताछ के लिए हिरासत में लेकर चौतरवा थाना ले गई।

वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे
सूचना मिलते ही बगहा पुलिस अधीक्षक रामानंद कौशल, एसडीपीओ कुमार देवेंद्र, प्रशिक्षु डीएसपी अंकित कुमार, इंस्पेक्टर संजय कुमार पाठक समेत चौतरवा थाना की पूरी टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

सुरक्षा को देखते हुए बरामद विस्फोटक सामग्री को गांव से बाहर एक निजी स्कूल परिसर में सुरक्षित रखा गया, जहां चौकीदारों की तैनाती कर दी गई। रविवार को गोपालगंज से बम निरोधक दस्ता भी गांव पहुंचा और विस्फोटक को निष्क्रिय करने की प्रक्रिया शुरू की।

ग्रामीणों ने जताई साजिश की आशंका
घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। परिजनों और ग्रामीणों ने इसे साजिश करार दिया है। उनका कहना है कि नीरज और रिशु राव की सामाजिक छवि अच्छी है और वे किसी आपराधिक गतिविधि से जुड़े नहीं हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि पहले भी उनके घर के आंगन में अज्ञात लोगों द्वारा ईंट-पत्थर और गंदा सामान फेंका जाता रहा है।

ग्रामीणों ने प्रशासन से निष्पक्ष और गहन जांच की मांग की है, ताकि सच्चाई सामने आ सके और किसी निर्दोष को फंसाया न जाए।

एसपी बोले – हर पहलू की जांच
बगहा एसपी रामानंद कौशल ने बताया कि यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की गई है। बरामद विस्फोटक की तकनीकी जांच जारी है और पूरे मामले से जुड़े सभी पहलुओं की गंभीरता से पड़ताल की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि किसी निर्दोष के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा।

फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क और संभावित साजिश की कड़ियों को खंगालने में जुटी हुई है।

  • ये भी पढ़े..

    छात्र आंदोलन को मिला बॉलीवुड का समर्थन! आलिया भट्ट बोलीं- “देश का भविष्य इन युवाओं के हाथ में, उनकी आवाज सुनी जानी चाहिए”

    Share Add as a preferred…

    बिहार के 19 खिलाड़ियों को मिलेगा सरकारी नौकरी का नियुक्ति पत्र, 637 खिलाड़ियों को दी जाएगी खेल छात्रवृत्ति

    Share Add as a preferred…