
बिहार में नई एनडीए सरकार लगातार यह संदेश दे रही है कि अपराध और भ्रष्टाचार पर अब जीरो टॉलरेंस की नीति लागू की जाएगी। मुख्यमंत्री से लेकर मंत्रियों तक ने साफ कर दिया है कि व्यवस्था में सुधार सबसे बड़ी प्राथमिकता है। इसके बावजूद सिस्टम के कुछ लोग सुधरने को तैयार नहीं दिख रहे। इसी बीच किशनगंज में निगरानी विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है।
2.50 लाख घूस लेते राजस्व कर्मचारी गिरफ्तार
खगड़ा निवासी ओवेस अंसारी ने निगरानी विभाग में शिकायत दर्ज कराई थी कि जमीन परिमार्जन के नाम पर राजस्व कर्मचारी राजदीप पासवान द्वारा 2 लाख 50 हजार रुपए की मांग की जा रही है। निगरानी विभाग ने सत्यापन किया, शिकायत सही पाई गई और इसके बाद जाल बिछाया गया।
मंगलवार को प्रखंड कार्यालय के पास स्थित अभिषेक होटल में घूस लेते हुए राजस्व कर्मचारी को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया गया।
DSPE निगरानी की टीम ने की कार्रवाई
निगरानी विभाग के डीएसपी विनोद कुमार ने बताया—
“वादी ओवेस अंसारी से 2.50 लाख रुपए की घूस मांगी गई थी। सत्यापन के बाद सात सदस्यीय टीम ने छापेमारी कर आरोपी को 50-50 हजार के पांच बंडल सहित गिरफ्तार किया है.”
गिरफ्तारी के बाद विभाग में हड़कंप
राजस्व कर्मचारी की गिरफ्तारी के बाद पूरे प्रखंड कार्यालय में अफरा-तफरी मच गई। कर्मचारी और अधिकारी दोनों सकते में दिखे। वहीं, निगरानी विभाग आरोपी कर्मचारी को आगे की कार्रवाई के लिए पटना ले जाने की तैयारी में जुटा है।


