
पटना के मोइनुल हक स्टेडियम में एक रोचक नजारा देखने को मिला, जब बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा क्रिकेट खेलते नजर आए और खेल मंत्री श्रेयसी सिंह की पहली ही गेंद पर क्लीन बोल्ड हो गए।
दरअसल, मोइनुल हक स्टेडियम में भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी स्मृति महिला क्रिकेट चैंपियनशिप 2025 के समापन सह पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया था। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में खेल मंत्री श्रेयसी सिंह और उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा शामिल हुए। दोनों नेताओं ने विजेता और उपविजेता टीमों के खिलाड़ियों को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया।
फाइनल मुकाबले में डिजिटल इंडिया थंडर की जीत
महिला क्रिकेट चैंपियनशिप का फाइनल मुकाबला डिजिटल इंडिया थंडर और जल जीवन स्ट्राइकर के बीच खेला गया, जिसमें डिजिटल इंडिया थंडर ने जीत दर्ज की।
मैदान पर उतरे मंत्री और डिप्टी सीएम
कार्यक्रम के दौरान खेल मंत्री श्रेयसी सिंह और उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा खुद भी क्रिकेट खेलते नजर आए। श्रेयसी सिंह ने बॉलिंग की और विजय सिन्हा बैटिंग कर रहे थे। पहली ही गेंद पर श्रेयसी सिंह ने विजय सिन्हा को क्लीन बोल्ड कर दिया, जिस पर मौजूद दर्शकों ने खूब तालियां बजाईं।
क्या बोलीं खेल मंत्री श्रेयसी सिंह
खेल मंत्री श्रेयसी सिंह ने कहा कि बिहार सरकार खिलाड़ियों के लिए बेहतर नीतियां और सुविधाएं उपलब्ध करा रही है। आने वाले समय में बिहार के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतेंगे।
उन्होंने कहा कि खेल में हमेशा फेयर प्ले और स्पोर्ट्समैनशिप बनाए रखना जरूरी है। हार-जीत से ज्यादा जरूरी अगली प्रतियोगिता की तैयारी पर ध्यान देना होना चाहिए।
उन्होंने यह भी कहा कि बिहार में खेल इंफ्रास्ट्रक्चर का तेजी से विकास हो रहा है और सही प्लेटफॉर्म मिलने से खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के बेहतर अवसर मिलेंगे।
डिप्टी सीएम विजय सिन्हा का बयान
उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती के अवसर पर हर वर्ष खेल कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता है। बिहार सरकार महिला सशक्तिकरण और युवाओं को खेल से जोड़ने के लिए लगातार काम कर रही है।
उन्होंने कहा कि खेलों से समाज में सकारात्मक बदलाव आएगा और आने वाले दिनों में इसका लाभ राज्य और खिलाड़ियों दोनों को मिलेगा।


