पूर्णिया में जनता दरबार के दौरान सख्त दिखे डिप्टी सीएम विजय सिन्हा, अधिकारियों को दी कड़ी चेतावनी

पूर्णिया। बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा शुक्रवार को पूर्णिया में आयोजित जनता दरबार के दौरान सख्त तेवर में नजर आए। आम लोगों की शिकायतें सुनते हुए जब भ्रष्टाचार और पुलिस प्रशासन की लापरवाही के गंभीर मामले सामने आए तो डिप्टी सीएम नाराज हो गए और अधिकारियों को तत्काल जांच कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

दबंगों ने विधवा की जमीन हड़पने का आरोप

जनता दरबार का सबसे भावुक दृश्य तब देखने को मिला जब बीबी नासरीन बानो नाम की विधवा महिला अपने छोटे बच्चों के साथ फरियाद लेकर पहुंचीं। उन्होंने रोते हुए बताया कि पति की मृत्यु के बाद दबंगों ने उनकी जमीन के फर्जी कागजात बनवा लिए। जब उन्होंने इसका विरोध किया तो उन्हीं पर एसटी-एससी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज करा दिया गया।

मामले को गंभीरता से लेते हुए डिप्टी सीएम ने डीएम और एसपी को तत्काल जांच कर न्याय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

डिप्टी सीएम विजय सिन्हा ने कहा—

“इस महिला को न्याय मिलना चाहिए। अगर काम नहीं हुआ तो सीधे मुझे फोन करना। किसी भी शरीफ व्यक्ति को बेवजह परेशान किया गया तो उसका परिणाम बुरा होगा। सभी अधिकारियों पर नजर रखी जा रही है।”

अधिकारियों को कड़ी चेतावनी

जनता दरबार के दौरान विजय सिन्हा की चेतावनी से पूरे पंडाल में सन्नाटा पसर गया। उन्होंने अधिकारियों से कहा—

“यह बात गांठ बांध लीजिए। आप कहीं भी ट्रांसफर हो जाएं या रिटायर हो जाएं, अगर जनता के साथ अन्याय किया है तो मैं पीछा नहीं छोड़ूंगा। भ्रष्टाचार और लापरवाही किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।”

2100 से अधिक आवेदन, प्रशासन पर उठे सवाल

डिप्टी सीएम ने बताया कि पूर्णिया क्षेत्र से 2100 से अधिक आवेदन प्राप्त हुए हैं, जो दर्शाता है कि पुलिस और प्रशासनिक स्तर पर कार्रवाई में भारी ढिलाई बरती जा रही है। उन्होंने इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए सुधार के निर्देश दिए।

भ्रष्ट अधिकारियों पर होगी कार्रवाई

विजय सिन्हा ने साफ कहा कि किसी भी अधिकारी के खिलाफ यदि भ्रष्टाचार का मामला सामने आता है तो उस पर कड़ी कार्रवाई होगी। बिना नाम लिए उन्होंने बताया कि एक डीएसपी से जुड़ा मामला सामने आया है, जिसकी जांच के आदेश वरीय अधिकारियों को दिए गए हैं। दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।


GridArt 20251226 220245321

  • Related Posts

    Bihar Women Welfare: बिहार की महिलाओं को ‘मातृ वन्दना’ की बड़ी सौगात! 4 साल में 18 लाख से अधिक के खाते में पहुंची राशि; जानें कैसे लें लाभ

    Share Add as a preferred…

    Continue reading