पटना के संपतचक में गणतंत्र दिवस समारोह को संबोधित करते हुए बिहार सरकार के डिप्टी सीएम और गृह मंत्री सम्राट चौधरी ने पुलिसकर्मियों को कड़ी चेतावनी दी। उन्होंने खुले मंच से कहा कि जिन पुलिसकर्मियों को हथियार चलाना नहीं आता, वे नौकरी छोड़कर घर बैठ जाएं। गृह मंत्री का यह बयान पुलिसिंग को लेकर सरकार के सख्त रुख के तौर पर देखा जा रहा है।
“यह बदला हुआ भारत है” — सम्राट चौधरी
सम्राट चौधरी ने कहा कि यह बदला हुआ भारत है। जिस तरह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की तीनों सेनाओं को पूरी आज़ादी दी है, उसी तरह बिहार में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी साफ कर दिया है कि किसी पुलिसकर्मी का हाथ बंधा नहीं रहेगा। उन्होंने दो टूक कहा कि अगर किसी पुलिसकर्मी को हथियार चलाने नहीं आता, तो उसे अपने पद पर बने रहने का अधिकार नहीं है।
अपराध और अव्यवस्था पर सख्त संदेश
पटना के प्रभारी मंत्री ने पुलिस को स्पष्ट हिदायत देते हुए कहा कि समाज में किसी भी तरह का “कचरा” नहीं बचना चाहिए। कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों में किसी भी तरह की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
संपतचक को डिग्री कॉलेज का तोहफा
अपने संबोधन के दौरान सम्राट चौधरी ने एक बड़ा एलान भी किया। उन्होंने कहा कि अगले साल से पहले संपतचक में डिग्री कॉलेज खोलने का काम पूरा कर लिया जाएगा। इसके लिए उन्होंने मौके पर मौजूद अनुमंडल पदाधिकारी को जमीन उपलब्ध कराने का निर्देश भी दिया।
तेजस्वी यादव पर तंज
आरजेडी नेता तेजस्वी यादव को पार्टी का कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाए जाने पर तंज कसते हुए सम्राट चौधरी ने कहा कि भारत लोकतांत्रिक देश है, राजतंत्र नहीं। उन्होंने कहा कि राजतंत्र में परिवार के लोगों को पद सौंपे जाते हैं, लेकिन लोकतंत्र में जनता मालिक होती है।
सम्राट चौधरी ने कहा, “जो नीचे बैठे लोग हैं, वही हमारे मालिक हैं। मंच पर बैठने वाले लोग सिर्फ सेवक हैं।”


