दिल्ली में आयोजित एआई समिट के दौरान युवा कांग्रेस के प्रदर्शन को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। एक ओर जहां बीजेपी इस मुद्दे पर कांग्रेस के खिलाफ आक्रामक रुख अपनाए हुए है, वहीं सहयोगी दल भी खुलकर प्रतिक्रिया दे रहे हैं।
हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) के अध्यक्ष और बिहार सरकार में मंत्री संतोष कुमार सुमन ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि विश्व स्तर के एआई समिट जैसे महत्वपूर्ण मंच पर, जहां भारत अपनी तकनीकी क्षमता और वैश्विक नेतृत्व का प्रदर्शन कर रहा था, वहां इस तरह का प्रदर्शन देश की छवि को नुकसान पहुंचाने वाला है।
‘भारत की प्रतिष्ठा पर प्रहार’
मंत्री संतोष सुमन ने बयान में कहा कि यह केवल राजनीतिक असहमति नहीं, बल्कि भारत की वैश्विक प्रतिष्ठा और आत्मसम्मान पर सीधा प्रहार है। उनके अनुसार, जब देश अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी भूमिका मजबूत कर रहा है, तब इस तरह के विरोध से गलत संदेश जाता है।
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस की यह कार्रवाई निंदनीय है और इससे देश की छवि प्रभावित होती है। हम पार्टी ने इस पूरे घटनाक्रम की कड़ी आलोचना की है।
कड़ी कार्रवाई की मांग
संतोष सुमन ने केंद्र सरकार से मांग की है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए उचित कानूनी कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि ऐसे आचरण पर सख्त कदम उठाए जाने चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं दोहराई न जाएं।
फिलहाल इस मुद्दे को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज है और आने वाले दिनों में इस पर और भी प्रतिक्रियाएं सामने आ सकती हैं।


