ई-केवाईसी और किसान रजिस्ट्री में लापरवाही बर्दाश्त नहीं: प्रदीप कुमार सिंह
भागलपुर, 02 फरवरी 2026।
किसानों को सरकारी योजनाओं का लाभ बिना अड़चन मिले, इसके लिए उप विकास आयुक्त (डीडीसी) प्रदीप कुमार सिंह ने सोमवार को गोराडीह प्रखंड का दौरा किया। उन्होंने प्रखंड कार्यालय और कई पंचायतों में जाकर किसान रजिस्ट्री और ई-केवाईसी की प्रगति की जमीनी हकीकत देखी और अधिकारियों-कर्मचारियों से सीधे बात की।
डीडीसी ने स्पष्ट कहा कि सभी पात्र किसानों का सही, समयबद्ध और त्रुटिरहित पंजीकरण हर हाल में पूरा होना चाहिए। उन्होंने चेताया कि लापरवाही या ढिलाई से किसी किसान को योजना लाभ से वंचित नहीं होने दिया जाएगा।
तकनीकी अड़चनों पर तुरंत समाधान
निरीक्षण के दौरान नेटवर्क, आधार प्रमाणीकरण और दस्तावेज़ों से जुड़ी समस्याओं की जानकारी ली गई। डीडीसी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि तकनीकी बाधाओं का तुरंत समाधान सुनिश्चित करें ताकि किसानों को बार-बार भटकना न पड़े।
विशेष शिविरों पर ज़ोर
डीडीसी ने बीडीओ, कृषि पदाधिकारी और संबंधित कर्मियों को आपसी समन्वय के साथ काम करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि विशेष शिविरों के माध्यम से अधिक से अधिक किसानों का ई-केवाईसी और रजिस्ट्रेशन पूरा कराया जाए।
किसानों से अपील
उन्होंने किसानों से भी आग्रह किया कि वे अपने आवश्यक दस्तावेजों के साथ नजदीकी शिविर या प्रखंड कार्यालय पहुंचकर किसान रजिस्ट्री और ई-केवाईसी जरूर कराएं, ताकि उन्हें पीएम-किसान समेत सभी योजनाओं का लाभ बिना रुकावट मिल सके।
डीडीसी के दौरे से प्रशासनिक अमला सतर्क हुआ है और आने वाले दिनों में गोराडीह में इस काम की रफ्तार बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है।


