बेगूसराय में दिनदहाड़े फायरिंग: राष्ट्रीय स्तर के वॉलीबॉल खिलाड़ी को मारी दो गोलियां, हालत गंभीर

बेगूसराय, 31 मार्च 2026: जिले के नगर थाना क्षेत्र में सोमवार को दिनदहाड़े हुई फायरिंग की घटना से सनसनी फैल गई। हर-हर महादेव चौक के पास बाइक सवार बदमाशों ने एक युवक पर ताबड़तोड़ सात राउंड फायरिंग कर दी, जिसमें 20 वर्षीय गोविंद कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया।

पीठ में लगी दो गोलियां, हालत नाजुक

जानकारी के अनुसार, बदमाशों द्वारा की गई फायरिंग में गोविंद कुमार की पीठ में दो गोलियां लगीं। घायल अवस्था में उसे तुरंत बेगूसराय सदर अस्पताल लाया गया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद स्थिति गंभीर देखते हुए उसे बेहतर उपचार के लिए रेफर कर दिया गया। फिलहाल शहर के एक निजी क्लीनिक में उसका इलाज चल रहा है।

राष्ट्रीय स्तर का खिलाड़ी है घायल युवक

घायल गोविंद कुमार मंझौल थाना क्षेत्र के मंझौल-तीन पंचायत निवासी पूर्व उप मुखिया सुशील कुमार उर्फ अजय सिंह का पुत्र है। परिजनों के अनुसार, वह एक प्रतिभाशाली वॉलीबॉल खिलाड़ी है और राष्ट्रीय स्तर पर खेल चुका है। इतना ही नहीं, वह बिहार राज्य वॉलीबॉल टीम का कप्तान भी रह चुका है।

दिनदहाड़े वारदात से दहशत

घटना सोमवार दोपहर की है, जब भीड़भाड़ वाले इलाके में अपराधियों ने बेखौफ होकर फायरिंग की। अचानक चली गोलियों की आवाज से इलाके में अफरातफरी मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।

पुलिस जांच में जुटी, CCTV खंगाले जा रहे

घटना की सूचना मिलते ही सदर एसडीपीओ आनंद कुमार पांडेय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जांच शुरू की। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके।

एसपी मनीष ने बताया कि युवक को दो गोलियां लगी हैं और पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।

FSL टीम ने जुटाए साक्ष्य

घटनास्थल पर एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम भी पहुंची और साक्ष्य एकत्र किए। मामले के जल्द खुलासे के लिए एसडीपीओ के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई है।

हमले के पीछे की वजह की तलाश

फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस हमले के पीछे क्या कारण था। प्रारंभिक तौर पर व्यक्तिगत रंजिश या अन्य किसी विवाद की आशंका जताई जा रही है।

इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और लोगों ने पुलिस से अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।

  • ये भी पढ़े..

    भागलपुर में बोरे से मिली महिला की लाश, रेलवे हॉल्ट के पास सनसनी; हत्या की आशंका से दहशत

    Share Add as a preferred…

    “मैं 36% अति पिछड़ों का अंगरक्षक हूं” : सम्राट चौधरी का बड़ा दावा, अपराधियों को दी चेतावनी

    Share Add as a preferred…