बख्तियारपुर फोरलेन पर मौत का तांडव: तेज रफ्तार बोलेरो पेड़ से टकराकर पलटी, मां-बेटे की दर्दनाक मौत, 8 लोग गंभीर घायल

पटना: बिहार की राजधानी पटना से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। बख्तियारपुर फोरलेन पर तेज रफ्तार बोलेरो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई और पलट गई। इस भीषण दुर्घटना में मां-बेटे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 8 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोगों ने राहत-बचाव कार्य शुरू किया।

बाबाधाम से लौट रहा था पूरा परिवार, रास्ते में काल बनकर आया हादसा

मृतकों की पहचान फूलमती देवी और उनके पुत्र उपेंद्र सिंह के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सभी लोग उत्तर प्रदेश के कुशीनगर निवासी हैं और परिवार के साथ बाबाधाम दर्शन कर घर लौट रहे थे। इसी दौरान बख्तियारपुर फोरलेन पर यह भयावह हादसा हो गया।

पेड़ से टकराई बोलेरो, फिर कई बार पलटी गाड़ी

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बोलेरो की रफ्तार काफी तेज थी। चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका, जिसके बाद गाड़ी सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बोलेरो पलट गई और उसमें सवार लोग अंदर ही फंस गए।

धमाके जैसी आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद घायलों को वाहन से बाहर निकाला।

घायलों को पटना रेफर किया गया

हादसे में चालक समेत कुल 8 लोग घायल हुए हैं। घायलों में निक्की देवी, वीर कुमार, पवन कुमार, रुकमणी देवी, रेणु देवी, संजना सिंह और पायल कुमारी शामिल हैं। सभी को पहले बाढ़ अनुमंडलीय अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए एनएमसीएच पटना रेफर कर दिया गया।

पुलिस जांच में जुटी, पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा

घटना की सूचना मिलते ही बख्तियारपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं।

क्या बोले थानाध्यक्ष?

बख्तियारपुर थानाध्यक्ष देवानंद शर्मा ने बताया,

“बख्तियारपुर फोरलेन पर एक तेज रफ्तार बोलेरो असंतुलित होकर पहले पेड़ से टकराई और फिर पलट गई। हादसे में मां-बेटे की मौत हुई है, जबकि 8 लोग घायल हैं। सभी घायलों का इलाज चल रहा है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।”

परिवार की खुशियां मातम में बदलीं

बाबाधाम दर्शन कर लौट रहे परिवार ने शायद कभी नहीं सोचा होगा कि उनकी यात्रा इतनी दर्दनाक साबित होगी। एक ही परिवार में मां और बेटे की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे इलाके में इस हादसे को लेकर शोक का माहौल है।

  • ये भी पढ़े..

    नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार की इंजीनियरिंग अधूरी, चुनावी हलफनामे से सामने आई जानकारी

    Share Add as a preferred…

    अचानक JDU कार्यालय पहुंचे नीतीश कुमार, जनसुनवाई का लिया जायजा; नेताओं की मौजूदगी पर भी रखी नजर

    Share Add as a preferred…