रोहतास। “पापा बचा लीजिए, नहीं तो ये लोग मुझे मार देंगे…” बेटी की यह आखिरी पुकार सुनते ही पिता बदहवास होकर उसकी ससुराल पहुंचे, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। दरवाजा खुलते ही सामने बेटी की लाश पड़ी थी। एक पिता के लिए इससे ज्यादा दर्दनाक दृश्य शायद ही कोई हो।
दहेज के लिए हत्या का आरोप
यह हृदयविदारक घटना रोहतास जिले के करगहर थाना क्षेत्र के लरुई गांव की है। मृतका के पिता इंद्र खरवार, जो कोचस थाना क्षेत्र के बलथरी गांव के निवासी हैं, ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी पूजा (24) की दहेज के लिए हत्या कर दी गई।
दो साल पहले हुई थी शादी
इंद्र खरवार ने बताया कि अप्रैल 2024 में पूजा की शादी लरुई गांव निवासी छोटन खरवार से हुई थी। शादी में उन्होंने अपनी सामर्थ्य के अनुसार दान-दहेज दिया था, ताकि बेटी ससुराल में सुखी रहे, लेकिन शादी के कुछ समय बाद ही ससुराल वालों की मांगें बढ़ती चली गईं।
लगातार हो रही थी प्रताड़ना
पिता के अनुसार पूजा को दहेज को लेकर लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था।
9 जनवरी की रात पूजा ने फोन कर बताया कि ससुराल वाले ढाई लाख रुपये और एक बाइक की मांग कर रहे हैं। मांग पूरी नहीं होने पर उसके साथ मारपीट और मानसिक उत्पीड़न किया जा रहा था।
इंद्र खरवार ने कहा,
“बेटी ने फोन पर कहा कि पापा आकर बचा लीजिए, नहीं तो ये लोग मुझे मार देंगे। जब मैं पहुंचा तो मेरी बेटी मरी पड़ी थी। घर के सभी लोग फरार थे।”
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही करगहर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका के पिता के बयान के आधार पर दहेज हत्या का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू की गई।
पति और सास-ससुर गिरफ्तार
करगहर थानाध्यक्ष कमल नयन पांडे ने बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पति, सास और ससुर को पास के तेनुआ गांव से गिरफ्तार कर लिया है। तीनों आरोपी वहां छिपे हुए थे।
उन्होंने कहा,
“मृतका के पिता के बयान के अनुसार दहेज में बाइक और ढाई लाख रुपये की मांग की जा रही थी। मांग पूरी नहीं होने पर पूजा की हत्या कर दी गई। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।”



