रोहतास: बिहार के रोहतास जिले में पुलिस ने एक बड़े साइबर ठगी गिरोह का पर्दाफाश किया है। आरोप है कि इस गिरोह ने फर्जी वेबसाइट और लुभावने निवेश के नाम पर लोगों से 2 करोड़ रुपये से अधिक की ठगी की। पुलिस ने तकनीकी सर्विलांस और गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए गिरोह के मुख्य सरगना रौशन कुमार कश्यप को हरियाणा के गुरुग्राम से गिरफ्तार किया है।
परिवार के साथ मिलकर चला रहा था ठगी का सिंडिकेट
जांच में सामने आया है कि आरोपी रौशन कुमार कश्यप ने अपने ही परिवार के लोगों के साथ मिलकर इस ठगी के नेटवर्क को खड़ा किया था। इस गिरोह में उसकी पत्नी अमृता कश्यप, भाई राकेश कश्यप और राजू कश्यप के अलावा भाभी खुशबू कश्यप भी शामिल थीं।
इसके अलावा दिल्ली और गुरुग्राम में बैठे कुछ तकनीकी सहयोगी भी इस गिरोह के लिए काम कर रहे थे, जो वेबसाइट और नेटवर्किंग से जुड़े काम संभालते थे।
10 प्रतिशत मुनाफे का लालच देकर फंसाते थे लोग
लोगों को ठगने के लिए आरोपियों ने ‘myadapool.net’ और ‘TCL ADA’ नाम से फर्जी ऑनलाइन प्लेटफॉर्म बना रखा था। गिरोह के सदस्य नेटवर्किंग कंपनी के नाम पर लोगों को हर महीने 10 प्रतिशत मुनाफे का लालच देते थे।
निवेशकों का भरोसा जीतने के लिए आरोपी बड़े-बड़े सेमिनार आयोजित करते थे और दावा करते थे कि अगर पैसा वापस नहीं मिला तो वे अपनी जमीन या पूरी पूंजी लौटा देंगे।
हालांकि जब निवेशकों ने अपना पैसा और मुनाफा वापस मांगना शुरू किया तो आरोपी धमकी देने लगे और फरार हो गए।
तकनीकी जांच से खुला राज
सासाराम और आसपास के कई लोगों ने ठगी की शिकायत पुलिस से की थी। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने विशेष टीम बनाकर मामले की जांच शुरू की।
ठगी के शिकार लोगों में रोशन कुमार गुप्ता, सत्येंद्र सिंह और नीरज गुप्ता समेत कई स्थानीय लोग शामिल हैं। पुलिस ने बैंक ट्रांजैक्शन और डिजिटल फुटप्रिंट्स की जांच की, जिससे मुख्य आरोपी की लोकेशन हरियाणा में ट्रेस हुई। इसके बाद पुलिस ने गुरुग्राम में छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
फरार आरोपियों की तलाश जारी
फिलहाल पुलिस मुख्य आरोपी रौशन कुमार कश्यप से पूछताछ कर रही है ताकि ठगी की रकम की रिकवरी की जा सके।
पुलिस का कहना है कि गिरोह के अन्य सदस्य अभी फरार हैं और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
इस मामले के सामने आने के बाद पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अधिक मुनाफे के लालच में किसी भी ऑनलाइन निवेश योजना में पैसा लगाने से पहले पूरी तरह जांच-पड़ताल जरूर करें।


