अरवल। बिहार में अपराध की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला अरवल जिले से सामने आया है, जहां जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) के एक विधायक से रंगदारी मांगने का आरोप लगा है।
जानकारी के अनुसार, कुर्था विधानसभा क्षेत्र से जेडीयू विधायक पप्पू कुमार वर्मा ने आरोप लगाया है कि उनसे 50 हजार रुपये की रंगदारी मांगी गई है। इस संबंध में उन्होंने शहर तेलपा थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।
विधायक का कहना है कि कुछ लोगों ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक के माध्यम से उनके खिलाफ गाली-गलौज की और अभद्र भाषा का प्रयोग किया। साथ ही अवधी भाषा में अपमानजनक टिप्पणियां कर उनकी प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाने का प्रयास किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि लगातार धमकी देकर पैसों की मांग की जा रही थी।
विधायक द्वारा दिए गए आवेदन के आधार पर शहर तेलपा थाना में कांड संख्या 20/26 के तहत सुसंगत धाराओं में तीन लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोपियों में प्रवीण कुमार यादव (चैनपुर, शहर तेलपा), रविंद्र गोप (चौहर, शहर तेलपा) और अवधेश यादव (मखदुमपुर थाना, कुर्था) शामिल हैं।
थाना अध्यक्ष कन्हैया कुमार ने बताया कि विधायक के साथ गाली-गलौज, अभद्र भाषा का प्रयोग और धमकी देकर 50 हजार रुपये की मांग करने के मामले में तीनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।



