
पटना: बिहार की राजनीति में नया विवाद खड़ा हो गया है। पूर्व मंत्री और जनशक्ति जनता दल के अध्यक्ष तेजप्रताप यादव द्वारा अपने निजी सहायक मोतीलाल राय पर चोरी का आरोप लगाकर एफआईआर दर्ज कराने के बाद अब मामले में नया मोड़ आ गया है। मोतीलाल राय की पत्नी प्रीति भारती ने भी पुलिस में शिकायत दर्ज कराते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं।
‘घर में घुसे, हाथ पकड़ा और कागज मांगने लगे’
अगमकुआं थाना में दर्ज शिकायत में प्रीति भारती ने आरोप लगाया है कि तेजप्रताप यादव के आवास से जुड़े कुछ लोग, जिनमें एक महिला और कई बाउंसर शामिल थे, उनके घर पहुंचे और उनके साथ अभद्र व्यवहार किया।
प्रीति का दावा है कि उस समय घर में केवल वह और उनकी छोटी बहन मौजूद थीं। उन्होंने आरोप लगाया कि आए लोगों ने उनके हाथ पकड़ लिए और तेजप्रताप यादव के किसी दस्तावेज की मांग करने लगे।
‘हम CBI-ED से हैं’ कहकर ले गए मोबाइल
प्रीति भारती के अनुसार, कुछ देर बाद वही लोग दोबारा घर पहुंचे और परिवार के छह मोबाइल फोन अपने कब्जे में ले लिए। उन्होंने आरोप लगाया कि मोबाइल का पासवर्ड भी मांगा गया और कहा गया कि जांच के लिए केवल दो मिनट मोबाइल देखना है।
प्रीति ने दावा किया कि महिला बाउंसर खुद को CBI और ED से जुड़ा बता रही थी। हालांकि बाद में सभी लोग मोबाइल लेकर वहां से चले गए।
CCTV फुटेज का दावा
मोतीलाल राय की पत्नी ने कहा कि पूरे घटनाक्रम के CCTV फुटेज मौजूद हैं और पुलिस को इसकी जानकारी दे दी गई है। उनका कहना है कि उन्होंने केवल वही बातें शिकायत में लिखी हैं जो वास्तव में उनके साथ हुईं।
वीडियो कॉल पर हुई थी तेजप्रताप से बातचीत
प्रीति भारती ने बताया कि घटना के बाद उन्हें तेजप्रताप यादव के नंबर से वीडियो कॉल आया था। कॉल के दौरान तेजप्रताप यादव ने कथित तौर पर कहा कि उन्हें फंसाने की कोशिश की जा रही है। बाद में मोतीलाल राय से भी उनकी बात कराई गई।
क्या है तेजप्रताप यादव का आरोप?
इससे पहले तेजप्रताप यादव ने अपने निजी सहायक मोतीलाल राय पर लगभग 20 लाख रुपये नकद, सोने की चेन, अंगूठी, पेन ड्राइव, हार्ड डिस्क, मोबाइल और लैपटॉप चोरी करने का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई थी।
तेजप्रताप यादव का दावा है कि उनके ड्राइवर और अन्य सहयोगियों ने मोतीलाल राय को बैग लेकर आवास की बाउंड्री फांदकर भागते हुए देखा था।
अब पुलिस जांच पर टिकी निगाहें
एक तरफ तेजप्रताप यादव चोरी का आरोप लगा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर मोतीलाल राय की पत्नी घर में घुसकर दबाव बनाने और मोबाइल जब्त करने जैसे गंभीर आरोप लगा रही हैं। दोनों पक्षों की शिकायत सामने आने के बाद अब पूरे मामले की सच्चाई पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।


