सुपौल में गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान विवाद, शिक्षक ने लगाए जिन्ना समर्थन में नारे, गिरफ्तार

बिहार के सुपौल जिले में गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान उस समय विवाद खड़ा हो गया, जब एक सरकारी स्कूल में तैनात शिक्षक ने कथित तौर पर मो. अली जिन्ना के समर्थन में नारे लगाए। इस घटना के बाद विद्यालय परिसर में असहज स्थिति बन गई और छात्रों व ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखा गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी शिक्षक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

गणतंत्र दिवस कार्यक्रम में हुआ विवाद

यह मामला किशनपुर प्रखंड अंतर्गत आदर्श मध्य विद्यालय सह उत्क्रमित उच्च विद्यालय, अभुआड़ का है। गणतंत्र दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान आरोप है कि विद्यालय में पदस्थ शिक्षक मंसूर आलम ने देशभक्ति के नारों के बीच अचानक “जिन्ना अमर रहे” जैसे नारे लगाए। इससे छात्रों के बीच भ्रम और तनाव का माहौल बन गया।

छात्रों ने लगाए गंभीर आरोप

विद्यालय के एक छात्र ने आरोप लगाया कि
“मो. मंसूर आलम, जो हमारे शिक्षक हैं, उन्होंने जिन्ना जिंदाबाद के नारे लगाए और कहा कि पाकिस्तान में जन्नत है। यह बात सभी ने सुनी। एक शिक्षिका ने विरोध भी किया, लेकिन अन्य शिक्षकों ने उनका समर्थन नहीं किया।”

प्रधानाध्यापक ने थाने में दी शिकायत

घटना के बाद विद्यालय के प्रधानाध्यापक धनंजय तिवारी ने किशनपुर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने अपने पत्र में कहा कि शिक्षक का यह कृत्य न केवल विद्यालय की गरिमा के खिलाफ है, बल्कि देश की संप्रभुता और संविधान की भावना को भी ठेस पहुंचाता है।

प्रधानाध्यापक ने शिकायत में लिखा,
“गणतंत्र दिवस के अवसर पर राष्ट्रगान के बाद शिक्षक मंसूर आलम द्वारा ‘जिन्ना अमर रहे’ के नारे लगाए गए, जिससे छात्रों के बीच असहज स्थिति उत्पन्न हुई। अतः इनके खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की जाए।”

पुलिस ने आरोपी शिक्षक को किया गिरफ्तार

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रधानाध्यापक ने तत्काल थानाध्यक्ष को फोन पर भी सूचना दी। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी शिक्षक को हिरासत में ले लिया। सुपौल के पुलिस अधीक्षक शरथ आरएस ने गिरफ्तारी की पुष्टि की है।

उन्होंने कहा,
“लिखित शिकायत के आधार पर आरोपी शिक्षक को हिरासत में लिया गया है। पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।”

इलाके में तनाव, जांच जारी

घटना के बाद से विद्यालय और आसपास के इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है। प्रशासन की ओर से स्थिति पर नजर रखी जा रही है, वहीं पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है।


 

  • Related Posts

    फॉर्मर आईडी पर सदन में गरमाया मामला, मंत्री बोले—किसी किसान का लाभ नहीं रुका

    Share Add as a preferred…

    Continue reading