बिहार की लड़कियों पर विवादित बयान: मंत्री पति के खिलाफ पटना में RJD महिला मोर्चा का प्रदर्शन, पुतला दहन

पटना। बिहार की लड़कियों को लेकर अमर्यादित बयान देने वाले उत्तराखंड सरकार की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य के पति गिरधारी लाल साहू के खिलाफ विरोध तेज हो गया है। पटना में मुख्य विपक्षी दल राष्ट्रीय जनता दल (RJD) की महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन किया और गिरधारी लाल साहू का पुतला फूंका। RJD ने इस मामले में कड़ी कार्रवाई के साथ मंत्री रेखा आर्य को मंत्रिमंडल से हटाने की मांग की है।

पटना में पुतला दहन, बीजेपी पर लगाए गंभीर आरोप

RJD महिला मोर्चा की सदस्यों ने पटना के इनकम टैक्स चौराहे पर विरोध प्रदर्शन करते हुए गिरधारी लाल साहू का पुतला दहन किया।
इस दौरान पार्टी की प्रवक्ता सारिका पासवान ने कहा कि बीजेपी नेताओं द्वारा बिहार की मां-बहनों का अपमान किया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार की महिलाओं की “कीमत तय करने” जैसी भाषा का इस्तेमाल बेहद शर्मनाक है और इसके खिलाफ RJD सड़कों पर उतरी है।

RJD की कड़ी कार्रवाई की मांग

बिहार प्रदेश RJD महिला मोर्चा की कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. अनीता भारती ने कहा कि जिस तरह से बीजेपी नेताओं ने बिहार की महिलाओं का अपमान किया है, उसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि गिरधारी लाल साहू के खिलाफ तत्काल कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए और उनकी पत्नी तथा उत्तराखंड सरकार में मंत्री रेखा आर्य को मंत्रिमंडल से हटाया जाए। चेतावनी दी गई कि अगर मांगें नहीं मानी गईं तो आने वाले दिनों में आंदोलन और तेज किया जाएगा।

डॉ. अनीता भारती ने कहा,

“बीजेपी नेताओं द्वारा लगातार महिलाओं का अपमान किया जा रहा है। इस बार तो हद हो गई है। बिहार की महिलाओं की बोली लगाने जैसा बयान शर्मनाक और निंदनीय है। राष्ट्रीय जनता दल इसके खिलाफ आंदोलन कर रहा है। रेखा आर्य को मंत्रिमंडल से हटना चाहिए और उनके पति पर अविलंब कार्रवाई होनी चाहिए।”

क्या था विवादित बयान

दरअसल, गिरधारी लाल साहू ने अल्मोड़ा जिले के सोमेश्वर विधानसभा क्षेत्र में एक कार्यक्रम के दौरान बिहार की लड़कियों को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। युवाओं से बातचीत के दौरान उन्होंने कथित तौर पर कहा था कि बिहार में 20-25 हजार रुपये में लड़कियां मिल जाती हैं और शादी करवा दी जाएगी। इस बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद विवाद खड़ा हो गया।

विवाद के बाद दी सफाई

विवाद बढ़ने के बाद गिरधारी लाल साहू ने अपने बयान पर सफाई दी। उन्होंने कहा कि वह मजाकिया अंदाज में अपने दोस्त की शादी की बात कर रहे थे और उनके बयान को गलत तरीके से पेश किया गया है।
उन्होंने यह भी कहा कि अगर उनके शब्दों से किसी को ठेस पहुंची है या बुरा लगा है तो वह हाथ जोड़कर माफी मांगते हैं।

कौन हैं गिरधारी लाल साहू

गिरधारी लाल साहू उत्तराखंड सरकार में कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य के पति हैं। रेखा आर्य पुष्कर सिंह धामी सरकार में महिला एवं बाल विकास, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति व उपभोक्ता मामले, खेल और युवा कल्याण मंत्री हैं और सोमेश्वर विधानसभा सीट से विधायक हैं।
इसी क्षेत्र में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान गिरधारी लाल साहू का यह विवादित बयान सामने आया था।


 

  • Related Posts

    फॉर्मर आईडी पर सदन में गरमाया मामला, मंत्री बोले—किसी किसान का लाभ नहीं रुका

    Share Add as a preferred…

    Continue reading