भागलपुर, 14 जुलाई 2025।गंगा नदी के जलस्तर में लगातार वृद्धि हो रही है। उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश में हो रही भारी बारिश का असर अब बिहार के निचले क्षेत्रों पर साफ तौर पर देखा जा रहा है। जल संसाधन विभाग के अनुसार गंगा में जलप्रवाह और दबाव प्रयागराज, वाराणसी, बक्सर, पटना, मोकामा और मुंगेर तक बना हुआ है, जिसका प्रभाव अब भागलपुर और कहलगांव के डाउन स्ट्रीम क्षेत्रों में देखा जा रहा है।
जल संसाधन विभाग के कार्यपालक अभियंता ने जानकारी देते हुए बताया कि भागलपुर और कहलगांव क्षेत्र में अभी गंगा का जलस्तर सामान्य से अधिक है, लेकिन फिलहाल खतरे की कोई स्थिति नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी तटबंध पूरी तरह सुरक्षित हैं, और विभाग की ओर से संवेदनशील व कटाव-प्रवण क्षेत्रों की लगातार निगरानी की जा रही है।
एंटी इरोजन वर्क जारी
भागलपुर जिले के चिन्हित कटाव स्थलों पर एंटी-इरोजन (कटाव रोधी) कार्य युद्धस्तर पर जारी है। विभाग के अनुसार, पानी के दबाव को ध्यान में रखते हुए कटाव संभावित स्थानों पर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। साथ ही नदी के जलग्रहण क्षेत्रों और जल निकासी बिंदुओं की लगातार निगरानी की जा रही है।
स्थानीय प्रशासन सतर्क
जिलाधिकारी और आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ द्वारा संबंधित प्रखंडों और पंचायतों को अलर्ट कर दिया गया है। बाढ़ नियंत्रण कक्ष सक्रिय कर दिए गए हैं और किसी भी आपात स्थिति के लिए राहत व बचाव दलों को तैयार रखा गया है।
लोगों से अपील
प्रशासन ने स्थानीय लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी तरह की आपात स्थिति में तुरंत स्थानीय प्रशासन या नियंत्रण कक्ष से संपर्क करें।


