कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में मतदान केंद्र बढ़ाने पर राजनीतिक दलों से विमर्श

1400 से अधिक मतदाता वाले 7 केंद्रों पर अतिरिक्त मतदान केंद्र बनाए जाएंगे

भागलपुर में अब कुल 26 मतदान केंद्र होंगे

भागलपुर, 27 जनवरी 2026।
कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में मतदाताओं की संख्या को देखते हुए मतदान व्यवस्था को अधिक सुचारु और सुविधाजनक बनाने के उद्देश्य से मतदान केंद्रों की संख्या बढ़ाने को लेकर समाहरणालय, भागलपुर के समीक्षा भवन में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी डॉ नवल किशोर चौधरी ने की।

बैठक में विभिन्न राजनीतिक दलों के जिला प्रतिनिधियों की उपस्थिति में मतदान केंद्रों के पुनर्गठन एवं विस्तार पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान उप निर्वाचन पदाधिकारी श्रीमती श्वेता कुमारी ने भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की जानकारी देते हुए बताया कि जिन मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की संख्या 1400 से अधिक हो गई है, वहां उसी भवन में एक अतिरिक्त मतदान केंद्र स्थापित किया जाना अनिवार्य है।

उन्होंने बताया कि कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के अंतर्गत भागलपुर जिले में वर्तमान में कुल 19 मतदान केंद्र संचालित हैं। इनमें से 7 मतदान केंद्र ऐसे हैं जहां मतदाताओं की संख्या निर्धारित सीमा से अधिक हो चुकी है। ऐसे में इन सभी 7 केंद्रों के उसी भवन में एक-एक अतिरिक्त मतदान केंद्र बनाया जा रहा है।

जिन स्थानों पर अतिरिक्त मतदान केंद्र स्थापित किए जाएंगे, उनमें प्रखंड कार्यालय सबौर के कमरा संख्या 2, जिला कृषि कार्यालय भवन के कमरा संख्या 3, 4 एवं 5 (जहां तीन अतिरिक्त मतदान केंद्र बनाए जाएंगे), नगर भवन स्थित टाउन हॉल के कमरा संख्या 2, प्रखंड कार्यालय पीरपैंती के कमरा संख्या 2 तथा प्रखंड कार्यालय कहलगांव के कमरा संख्या 2 शामिल हैं।

इस व्यवस्था के लागू होने के बाद भागलपुर जिले में कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के अंतर्गत कुल मतदान केंद्रों की संख्या बढ़कर 26 हो जाएगी, जिससे मतदाताओं को मतदान के दौरान बेहतर सुविधा मिलेगी और भीड़भाड़ की स्थिति से बचा जा सकेगा।

बैठक में राजनीतिक दलों के साथ इस प्रस्ताव पर सहमति बनने के बाद इसे निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी सह आयुक्त, पूर्णिया प्रमंडल, पूर्णिया को अग्रसारित किया जाएगा, ताकि आगे की आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

बैठक में जिला शिक्षा पदाधिकारी सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के जिला स्तर के प्रतिनिधि उपस्थित थे।

संयुक्त निदेशक जनसंपर्क
भागलपुर

  • Related Posts

    बिहार में समय पर होंगे पंचायत चुनाव, परिसीमन में बदलाव नहीं: मंत्री दीपक प्रकाश

    Share Add as a preferred…

    Continue reading
    समृद्धि यात्रा के दौरान अजीब नज़ारा: कार्यक्रम में पहुंचे लोगों ने खेत से तोड़े हरे चने, वीडियो वायरल

    Share Add as a preferred…

    Continue reading