भागलपुर | 03 अगस्त 2025: श्रावणी मेले के दौरान कांवरियों की भीड़ में छिपकर लूट की बड़ी साजिश रच रहे अपराधी बादल पासवान को पुलिस ने शुक्रवार रात कटोरिया से गिरफ्तार कर लिया। बांका एसपी उपेंद्रनाथ वर्मा के निर्देश पर कटोरिया और सुईया थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई कर उसे पकड़ा।
जिला नियंत्रण कक्ष के पास हुई गिरफ्तारी
सूचना थी कि बादल पासवान कांवरिया के वेश में अपने गिरोह के साथ किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की तैयारी में है। कटोरिया थाना प्रभारी अरविंद कुमार राय और सुईया थाना प्रभारी विशाल कुमार ने जिला नियंत्रण कक्ष के पास घेराबंदी कर उसे दबोच लिया।
पूछताछ में कबूल किया इरादा
गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में बादल पासवान ने स्वीकारा कि वह श्रावणी मेले की भीड़ का फायदा उठाकर लूट की योजना बना रहा था। पुलिस के अनुसार, बादल के खिलाफ भागलपुर, कटिहार, पूर्णिया, अररिया और मुंगेर सहित सात जिलों में आपराधिक मामले दर्ज हैं।
भागलपुर पुलिस ले गई अपने साथ
गिरफ्तारी की सूचना पर भागलपुर औद्योगिक थाना के थानाध्यक्ष मुरलीधर साह कटोरिया पहुंचे और बादल को अपने साथ ले गए। जानकारी के मुताबिक, 17 जुलाई को भागलपुर के जीरोमाइल चौक पर एक महिला से चेन छिनतई की घटना में भी बादल की संलिप्तता पाई गई है।
कोढ़ा गैंग से जुड़ा है बादल पासवान
गिरफ्तार अपराधी बादल पासवान, कटिहार जिले के कोढ़ा थाना क्षेत्र का निवासी है और कोढ़ा गिरोह का सक्रिय सदस्य है। शनिवार को उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। हालांकि, उसका एक साथी अभी भी फरार है जिसकी तलाश जारी है।
श्रावणी मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए पुलिस सतर्क है। इस गिरफ्तारी से एक बड़ी साजिश टल गई है, लेकिन फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान जारी है।


