
भागलपुर | अगर आपमें देश और समाज के मुद्दों पर बेबाकी से बोलने का दम है, तो कांग्रेस आपको बड़ा मंच देने जा रही है। भागलपुर में कांग्रेस ने राजनीति में युवाओं को आगे लाने के लिए ‘नेशनल टैलेंट हंट – मुखर आवाज’ अभियान का आगाज कर दिया है। कहलगांव विधानसभा से कांग्रेस के पूर्व प्रत्याशी प्रवीण सिंह कुशवाहा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि पार्टी को ऐसे युवाओं की तलाश है, जो आम अवाम की आवाज बन सकें।
QR कोड स्कैन करें, आवेदन करें
प्रवीण सिंह कुशवाहा ने बताया कि अब पार्टी से जुड़ने और पद पाने के लिए दफ्तरों के चक्कर काटने की जरूरत नहीं है। प्रक्रिया पूरी तरह हाईटेक कर दी गई है।
- कैसे जुड़ें: पार्टी ने एक QR कोड जारी किया है।
- क्या करना होगा: इच्छुक युवा इस कोड को स्कैन कर मोबाइल से ही आवेदन कर सकते हैं।
- मौका: कांग्रेस विचारधारा से जुड़ने वाले युवाओं को पार्टी के मीडिया विभाग और अन्य पदों पर जिम्मेदारी दी जाएगी।
मकसद: मीडिया में पार्टी की आवाज हो बुलंद
इस अभियान की शुरुआत बिहार में पटना से हुई थी, जो अब भागलपुर पहुंच चुकी है।
- प्रवीण सिंह ने कहा कि इस टैलेंट हंट का मकसद संगठन की देशव्यापी आवाज को सशक्त बनाना है।
- हमें ऐसे ‘मुखर’ लोगों की जरूरत है, जो मीडिया और सोशल मीडिया के माध्यम से जनता के सवालों को सरकार तक और पार्टी की बात को जनता तक मजबूती से पहुंचा सकें।
युवाओं के लिए राजनीति में एंट्री का गेटवे
कांग्रेस का मानना है कि भागलपुर में टैलेंट की कमी नहीं है। इस अभियान के जरिए वे उन युवाओं को मौका देना चाहते हैं जो राजनीति में आकर बदलाव लाना चाहते हैं, लेकिन उन्हें कोई प्लेटफॉर्म नहीं मिल पाता।


