भागलपुर, 15 अगस्त 2025 — 79वें स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर भागलपुर प्रमंडलीय कार्यालय परिसर में ध्वजारोहण समारोह गरिमामय माहौल में आयोजित हुआ। इस अवसर पर भागलपुर प्रमंडल के आयुक्त श्री हिमांशु कुमार राय ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर कार्यक्रम की शुरुआत की।
जैसे ही तिरंगा आसमान में लहराया, उपस्थित लोगों ने एक स्वर में “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के नारे लगाए, जिससे पूरा परिसर देशभक्ति के रंग में रंग गया।
समारोह में पुलिस महानिरीक्षक (पूर्वीय क्षेत्र) श्री विवेक कुमार, जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी, वरीय पुलिस अधीक्षक श्री हृदय कांत, उप विकास आयुक्त श्री प्रदीप कुमार सिंह, नगर आयुक्त श्री शुभम कुमार, नगर पुलिस अधीक्षक श्री शुभांक मिश्रा, सहायक समाहर्ता श्री जतिन कुमार, आयुक्त के सचिव श्री विनोद कुमार सिंह, क्षेत्रीय विकास पदाधिकारी श्री अनिल कुमार राय, संयुक्त निदेशक जनसंपर्क श्री नागेंद्र कुमार गुप्ता सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान स्वतंत्रता संग्राम के वीर शहीदों को नमन किया गया और राष्ट्र की अखंडता, एकता व प्रगति के लिए सभी ने सामूहिक संकल्प लिया। समारोह का समापन राष्ट्रगान और मिठाई वितरण के साथ हुआ, जिसने इस अवसर को और भी विशेष बना दिया।


