बिहार के लगभग सभी जिलों में शीतलहर को लेकर अगले 72 घंटे के लिए अलर्ट जारी किया गया है। इसी क्रम में सिल्क सिटी भागलपुर में भी ठंड का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। देर रात से ही मौसम का मिजाज बदला हुआ है और सुबह के समय घना कोहरा तथा तेज ठंडी हवाएं लोगों को बेहाल कर रही हैं।
मौसम में आए इस बदलाव के कारण तापमान में भी उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई है। पछुआ हवा के चलने से कनकनी और बढ़ गई है, जिससे ठंड का असर और तीखा महसूस किया जा रहा है। सुबह और देर शाम के समय सड़कों पर कोहरे की चादर छाई रहने से दृश्यता भी कम हो गई है।
शीतलहर और कनकनी के कारण रोजमर्रा के काम से घर से बाहर निकलने वाले लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कामकाजी लोग, छात्र और बुजुर्ग खास तौर पर ठंड से बचाव के लिए ऊनी कपड़ों और अलाव का सहारा लेते नजर आ रहे हैं। बाजारों और चौक-चौराहों पर भी ठंड का असर साफ दिखाई दे रहा है, जहां आम दिनों की तुलना में भीड़ कम है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अचानक बढ़ी ठंड से दिनचर्या प्रभावित हो गई है। सुबह के समय घर से निकलना मुश्किल हो गया है और लोग बेहद जरूरी काम होने पर ही बाहर निकल रहे हैं। कोहरे के कारण वाहन चालकों को भी सावधानी बरतनी पड़ रही है।
मौसम विभाग के अलर्ट को देखते हुए प्रशासन और स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों से अपील की है कि वे ठंड से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियां बरतें, खासकर बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें। आने वाले दिनों में यदि तापमान और गिरता है, तो शीतलहर का असर और बढ़ सकता है।


