एक्स्ट्रा क्लास के नाम पर कोचिंग टीचर ने 5 साल तक किया यौन शोषण, वीडियो से करता रहा ब्लैकमेल; अब दूसरी लड़की से शादी की तैयारी

समस्तीपुर (बिहार)। विभूतिपुर में एक 24 वर्षीय युवती ने कोचिंग संचालक और टीचर पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता का कहना है कि आरोपी टीचर ने “एक्स्ट्रा क्लास” के नाम पर उससे संबंध बनाए और उसका अश्लील वीडियो बनाकर 5 साल तक ब्लैकमेल करता रहा। जब पीड़िता ने शादी का दबाव बनाया, तो आरोपी मुकर गया और दूसरी लड़की से शादी करने की तैयारी करने लगा।

पंचायत से लेकर कोर्ट तक पहुंचा मामला

पीड़िता के अनुसार, आरोपी ने पहले पंचायत में अपने पिता और गांव वालों के सामने आरोप स्वीकार करते हुए शादी की बात कही थी। लेकिन बाद में वह मुकर गया। स्थानीय थाना में शिकायत के बावजूद मामला दर्ज नहीं हुआ। आखिरकार युवती को कोर्ट का सहारा लेना पड़ा, जिसके बाद आरोपी अभय भूषण के खिलाफ FIR दर्ज हुई

2019 से शुरू हुआ शोषण

पीड़िता ने बताया कि उसने 2019 में करियर ट्यूटोरियल आर्ट क्लासेज जॉइन किया था। फरवरी 2020 में परीक्षा से पहले आरोपी अभय भूषण ने उसके साथ जबरदस्ती संबंध बनाए और अश्लील वीडियो रिकॉर्ड कर लिया। जब युवती ने विरोध किया तो आरोपी ने शादी का झांसा देकर मामले को दबा दिया।

5 साल तक ब्लैकमेल और शोषण

आरोपी ने पीड़िता को धमकी दी कि उसके रिश्ते जज, वकील और पुलिस अधिकारियों तक हैं। अगर उसने वीडियो या संबंध की बात किसी को बताई, तो उसके और उसके परिवार के खिलाफ गंभीर कार्रवाई करवाई जाएगी। डर की वजह से युवती ने चुप्पी साध ली।
पीड़िता का आरोप है कि पिछले 5 साल तक आरोपी वीडियो के नाम पर उसे ब्लैकमेल कर शारीरिक शोषण करता रहा

धमकी और जबरन दस्तखत

पीड़िता ने बताया कि जून 2025 में आरोपी और उसके पिता उसे समस्तीपुर ले गए और कोरे कागज पर जबरन हस्ताक्षर करा लिए। आरोपी ने धमकी दी कि अगर उसने विरोध किया तो उसकी बहन और उसे गोली मारकर हत्या कर दी जाएगी।

महिला संगठन और पुलिस पर गंभीर सवाल

पीड़िता ने पहले महिला संगठन में शिकायत की थी, लेकिन धमकी के कारण उसे वापस लेना पड़ा। थाने में भी आवेदन दिया गया, मगर पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। अंततः पीड़िता को रोसरा कोर्ट का दरवाजा खटखटाना पड़ा। कोर्ट के निर्देश पर 25 जुलाई को मामला दर्ज हुआ।
पीड़िता का आरोप है कि थाना पुलिस ने उसे एफआईआर की कॉपी तक नहीं दी और बार-बार कहा कि उसके पास सबूत नहीं है। जबकि युवती का कहना है कि उसके पास फोटो और चैट जैसे कई प्रमाण मौजूद हैं।


 

  • Related Posts