पटना, 4 अगस्त 2025 — लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण मंत्री चिराग पासवान ने स्पष्ट किया है कि उनकी राजनीतिक महत्वाकांक्षा कभी भी एनडीए गठबंधन की एकता से ऊपर नहीं रही है। रविवार को एक निजी चैनल से विशेष बातचीत में उन्होंने कहा कि वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पूरी आस्था के साथ काम कर रहे हैं और आगे भी एनडीए में ही बने रहेंगे।
‘महत्वाकांक्षा गलत नहीं, लेकिन समर्पण पहले’
चिराग पासवान ने कहा, “महत्वाकांक्षी होना कोई अपराध नहीं है। हर व्यक्ति को जीवन में कुछ बड़ा करने की चाह होनी चाहिए। लेकिन मेरी महत्वाकांक्षा कभी भी गठबंधन या नेतृत्व के खिलाफ नहीं रही। जब कोई साथ नहीं देता, तब आत्मविश्वास ही साथ देता है।”
प्रधानमंत्री के लिए बिना शर्त समर्थन
केंद्रीय मंत्री ने अपने भावनात्मक समर्थन को दोहराते हुए कहा, “मेरा समर्पण प्रधानमंत्री के लिए आंख मूंदकर है। जब तक नरेंद्र मोदी देश के प्रधानमंत्री हैं, तब तक चिराग पासवान बिना शर्त उनके साथ रहेगा।”
NDA में मजबूती से बने रहने की बात
उन्होंने साफ तौर पर कहा, “मैं एनडीए में था, हूं और एनडीए में ही रहूंगा। हम सब मिलकर बिहार और देश के विकास में जुटे हैं। गठबंधन की ताकत ही हमारी सबसे बड़ी पूंजी है।”
राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, चिराग पासवान का यह बयान आगामी विधानसभा चुनाव से पहले गठबंधन में उनकी स्थिति को स्पष्ट करने और भीतरखाने की अटकलों को विराम देने की रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है।


