विश्वकर्मा पूजा पर मुख्यमंत्री की सौगात: 16 लाख श्रमिकों को 802 करोड़ की वस्त्र सहायत
मुख्यमंत्री ने किया “मुख्यमंत्री प्रतिज्ञा योजना” वेब पोर्टल का शुभारंभ, अधिकारियों को दिया श्रमिकों का निबंधन पूरा करने का निर्देश
पटना, 18 सितंबर।
विश्वकर्मा पूजा के मौके पर बिहार के श्रमिकों को बड़ा तोहफ़ा मिला है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गुरुवार को वार्षिक वस्त्र सहायता योजना के तहत 16 लाख से अधिक पंजीकृत श्रमिकों के खातों में 802 करोड़ 46 लाख रुपये से अधिक की राशि का सीधा अंतरण किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने “मुख्यमंत्री प्रतिज्ञा योजना” के वेब पोर्टल का भी शुभारंभ किया। इस मौके पर उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा, श्रम संसाधन मंत्री संतोष कुमार सिंह, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
श्रमिकों का निबंधन प्राथमिकता
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जो श्रमिक अब तक निबंधित नहीं हुए हैं, उन्हें अभियान चलाकर निबंधित किया जाए, ताकि हर कामगार सरकारी योजनाओं का लाभ ले सके। उन्होंने कहा—
“राज्य के विकास में श्रमिकों का योगदान अतुलनीय है। हमारी सरकार उनके आर्थिक और सामाजिक सशक्तिकरण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।”
प्रतिज्ञा योजना से युवाओं को अवसर
नई शुरुआत की गई मुख्यमंत्री प्रतिज्ञा योजना युवाओं के लिए बड़ा अवसर लेकर आई है। इस योजना के ज़रिए प्रशिक्षित युवाओं को:
- एमएसएमई इकाइयों,
- सार्वजनिक उपक्रमों और
- सरकारी संस्थानों में
इंटर्नशिप, नियोजन और आर्थिक सहायता का पारदर्शी लाभ मिलेगा।
5,000 रुपये हुई वस्त्र सहायता
श्रम संसाधन मंत्री संतोष कुमार सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में श्रमिकों के लिए चलाई जा रही 16 प्रकार की योजनाएं उन्हें सामाजिक सुरक्षा और सम्मानजनक जीवन प्रदान कर रही हैं।
- वस्त्र सहायता राशि को बढ़ाकर 5,000 रुपये कर दिया गया है।
- यह बदलाव श्रमिकों की आर्थिक मजबूती और सामाजिक सुरक्षा की दिशा में सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
सचिव ने बताई योजनाओं की झलक
श्रम संसाधन विभाग के सचिव दीपक आनंद ने बताया कि निर्माण श्रमिकों के कल्याण के लिए चल रही 16 योजनाओं में वस्त्र सहायता समेत कई योजनाओं का सीधा लाभ श्रमिकों को दिया जा रहा है।


