मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहार सरस मेला-2025 का किया भ्रमण, व्यवस्थाओं की सराहना

पटना:मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार ने गुरुवार को गांधी मैदान, पटना में आयोजित बिहार सरस मेला-2025 का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने मेले में की गई व्यवस्थाओं, उपलब्ध सुविधाओं और प्रदर्शित उत्पादों की जानकारी ली। अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि बिहार सरस मेला-2025 का आयोजन 12 दिसंबर से 28 दिसंबर तक किया जा रहा है, जिसमें बिहार के साथ-साथ देश के विभिन्न राज्यों से आए कारीगर और उद्यमी अपने उत्पादों की बिक्री कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने भ्रमण के दौरान मेले में लगाए गए विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण किया और हस्तशिल्प, लोककला, पारंपरिक वस्त्रों तथा देशी व्यंजनों से जुड़े उत्पादों को देखा। उन्होंने उत्पादकों से सीधे बातचीत कर उनके अनुभव और बिक्री की स्थिति की जानकारी भी ली। स्टॉल संचालकों और विक्रेताओं ने मुख्यमंत्री को बताया कि मेले में प्रदर्शित किए गए उत्पादों को लोगों का भरपूर समर्थन मिल रहा है और बिक्री भी अच्छी हो रही है। उन्होंने मेले की व्यवस्थाओं को बेहतर बताते हुए संतोष व्यक्त किया।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि बिहार सरस मेला की अपनी एक अलग पहचान है। यहां प्रदर्शित उत्पाद न केवल ग्रामीण संस्कृति और कला को दर्शाते हैं, बल्कि ग्रामीण उद्यमिता को भी मजबूती प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि सरकार ग्रामीण उद्यमियों, स्वयं सहायता समूहों और जीविका दीदियों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि सतत जीविकोपार्जन योजना के तहत जीविका दीदियों को प्रोत्साहित किया गया है और उनके जीविका संवर्धन तथा स्वरोजगार के लिए सरकार हर संभव सहायता प्रदान कर रही है। उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि बिहार सरस मेला में जीविका समूहों द्वारा लगाए गए स्टॉल लोगों को काफी आकर्षित कर रहे हैं और उनके उत्पादों को अच्छी पहचान मिल रही है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव श्री दीपक कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव श्री कुमार रवि, मुख्यमंत्री के सचिव डॉ. चन्द्रशेखर सिंह, जीविका के मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी श्री हिमांशु शर्मा सहित अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

  • Related Posts

    भागलपुर में ट्रक ‘पासिंग गिरोह’ का बड़ा खुलासा: ऑडियो वायरल होने से पुलिस महकमे में हड़कंप; पुलिस मैनेजमेंट के नाम पर वसूली का खेल

    Share Add as a preferred…

    Continue reading
    ​भागलपुर की सड़कों पर नगर निगम का ‘हंटर’: कचहरी से स्टेशन चौक तक हड़कंप, MLC के क्लीनिक के बाहर से भी गाड़ी जब्त; 45 हजार वसूला जुर्माना

    Share Add as a preferred…

    Continue reading