मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बोले — बिहार के विकास की कुंजी एनडीए के पास, हर घर को मिलेगी 125 यूनिट फ्री बिजली

भागलपुर/बांका, 3 नवंबर 2025 |मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोमवार को कहा कि “बिहार अब विकसित राज्य बनने की राह पर है, विकास का जो सिलसिला चल पड़ा है, वह और आगे बढ़ेगा।” उन्होंने एनडीए को बिहार के विकास की कुंजी बताया और जनता से पुनः एनडीए सरकार बनाने की अपील की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि “2005 में जब एनडीए की सरकार बनी थी, तब राज्य की स्थिति बेहद खराब थी। न सड़कें थीं, न बिजली, न पानी। शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था चरमराई हुई थी। उस समय लोग शाम के बाद घर से निकलने में डरते थे, लेकिन आज पूरे बिहार में कानून का राज कायम है और लोग निर्भीक होकर रात में भी आवागमन कर रहे हैं।”

नीतीश कुमार ने सोमवार को भागलपुर जिले के कहलगांव, गोपालपुर और सुल्तानगंज, तथा बांका जिले के दो विधानसभा क्षेत्रों में जनसभाओं को संबोधित किया।

कहलगांव के गोराडीह स्थित मुक्तापुर में मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार बनने के बाद हर घर तक बिजली पहुंचाना उनका संकल्प था। उन्होंने बताया कि “अब राज्य सरकार ने फैसला लिया है कि हर घरेलू उपभोक्ता को 125 यूनिट तक बिजली मुफ्त दी जाएगी। इससे अधिकांश उपभोक्ताओं का बिल खत्म हो गया है। सौर ऊर्जा से बिजली उपलब्ध कराने की दिशा में भी तैयारी चल रही है।”

मुख्यमंत्री ने गोपालपुर के तीनटंगा (रंगरा) स्थित संत विनोबा हाई स्कूल और सुल्तानगंज के करहरिया में भी सभाओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि 2005 के पहले राज्य की हालत इतनी खराब थी कि “लोग दरवाजे बंद कर लेते थे, मिलने जाना हो तो फोन करके समय लेना पड़ता था।”

उन्होंने कहा कि एनडीए की सरकार ने अस्पतालों में डॉक्टर और दवाओं की उपलब्धता, स्कूलों में नियमित शिक्षक, सड़क और बिजली व्यवस्था में सुधार कर राज्य को नई दिशा दी है।

नीतीश कुमार ने कहा कि “2024 के बाद 20 लाख से अधिक लोगों को सरकारी नौकरी और रोजगार मुहैया कराया गया है।”

बिना नाम लिए उन्होंने लालू प्रसाद यादव पर निशाना साधते हुए कहा —
“2005 से पहले जो लोग सत्ता में थे, जब उन्हें कुर्सी से हटना पड़ा तो पत्नी को मुख्यमंत्री बना दिया। अब बेटा-बेटी को बनाने में लगे हैं। ऐसा कोई करता है क्या?”

  • Related Posts

    “राज्यसभा उपसभापति पद पर बड़ा बदलाव: नीतीश कुमार की संभावित नियुक्ति पर सियासी हलचल”

    Share Add as a preferred…

    Continue reading
    नीतीश कुमार ने राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन दाखिल किया, अमित शाह और वरिष्ठ नेता रहे मौजूद

    Share Add as a preferred…

    Continue reading