मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने नवीन पुलिस केन्द्र, पटना में केंद्रीकृत रसोई-सह-भोजनालय एवं 700 क्षमता वाले पुरुष सिपाही बैरक का किया उद्घाटन

पटना, 15 दिसम्बर 2025
मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार ने आज नवीन पुलिस केन्द्र, पटना परिसर में पुलिस बलों की सुविधा एवं कल्याण को ध्यान में रखते हुए निर्मित केंद्रीकृत रसोई-सह-भोजनालय (G+4) तथा 700 क्षमता वाले पुरुष सिपाही बैरक (G+7), ब्लॉक-A का फीता काटकर एवं शिलापट्ट का अनावरण कर विधिवत उद्घाटन किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि पटना पुलिस केन्द्र में कार्यरत पुलिसकर्मियों को ड्यूटी के साथ-साथ भोजन एवं राशन की व्यवस्था करने में पहले काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। इन समस्याओं के समाधान के लिए पुलिस लाइन में ‘जीविका दीदी की रसोई’ का शुभारंभ किया गया है। इससे यहां निवासरत लगभग 3,000 पुलिसकर्मियों को सस्ती दर पर पौष्टिक एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध होगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भोजन की सुव्यवस्थित व्यवस्था से पुलिसकर्मियों का समय और श्रम बचेगा, जिससे वे अपनी जिम्मेदारियों का बेहतर ढंग से निर्वहन कर सकेंगे। साथ ही इस पहल से लगभग 120 जीविका दीदियों को प्रत्यक्ष रोजगार प्राप्त होगा, जो महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने पटना पुलिस लाइन विस्तार परियोजना (फेज-2) के अंतर्गत प्रस्तावित 266 करोड़ रुपये की योजनाओं के मॉडल का अवलोकन किया और अधिकारियों से विस्तृत जानकारी प्राप्त की। पुलिस महानिदेशक ने बताया कि फेज-2 में सार्जेंट मेजर आवास, पुरुष एवं महिला सिपाही बैरक, यूएस एवं एलएस क्वार्टर, सेवक क्वार्टर, विद्यालय भवन, सीवर लाइन, ट्यूब्यूलर फायरिंग रेंज एवं ऑडिटोरियम के निर्माण की योजना है।

वहीं फेज-1 के अंतर्गत प्रशासनिक भवन, महिला पुलिस बैरक, पुरुष सिपाही बैरक तथा केंद्रीकृत रसोई-सह-भोजनालय का निर्माण पूर्ण कर लिया गया है, जिसका उद्घाटन आज मुख्यमंत्री द्वारा किया गया। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि फेज-2 के अंतर्गत प्रस्तावित सभी योजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूर्ण किया जाए।

इसके पश्चात मुख्यमंत्री ने केंद्रीकृत रसोई-सह-भोजनालय भवन का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्रथम तल पर जाकर जीविका दीदी की रसोई को देखा तथा वहां कार्यरत जीविका दीदियों से बातचीत कर उनकी कार्यप्रणाली की जानकारी ली।

उल्लेखनीय है कि ‘दीदी की रसोई’ की शुरुआत वर्ष 2018 में वैशाली जिले के सदर अस्पताल, हाजीपुर से हुई थी। राज्य सरकार के सहयोग से आज प्रदेश भर में सदर एवं अनुमंडल अस्पतालों, मेडिकल कॉलेजों, कल्याण आवासीय विद्यालयों, वृद्धाश्रमों, प्रशासनिक कार्यालयों एवं पुलिस प्रशिक्षण केन्द्रों में कुल 334 ‘जीविका दीदी की रसोई’ संचालित हो रही हैं। इससे न केवल लोगों को सस्ता एवं पौष्टिक भोजन मिल रहा है, बल्कि 4,000 से अधिक जीविका दीदियों को प्रत्यक्ष तथा कई स्वयं सहायता समूहों को अप्रत्यक्ष रोजगार भी प्राप्त हो रहा है।

इस कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री सह गृह मंत्री श्री सम्राट चौधरी, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव श्री दीपक कुमार, गृह विभाग के अपर मुख्य सचिव श्री अरविंद कुमार चौधरी, पुलिस महानिदेशक श्री विनय कुमार, बिहार पुलिस भवन निर्माण निगम के महानिदेशक श्री आलोक राज, मुख्यमंत्री के सचिव डॉ. चन्द्रशेखर सिंह, पटना प्रमंडल के आयुक्त श्री अनिमेष पराशर, पुलिस महानिरीक्षक श्री जितेंद्र राणा, जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एस.एम., जीविका के सीईओ श्री हिमांशु शर्मा, वरीय पुलिस अधीक्षक श्री कार्तिकेय के. शर्मा सहित अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे।

  • Related Posts

    बिहार में SC-ST छात्रों की बदलेगी तकदीर! पटना से पूर्णिया तक बिछा ‘शिक्षा का किला’; कुमार रवि बोले- “अब पढ़ाई के साथ मिलेगा घर जैसा माहौल”

    Share Add as a preferred…

    Continue reading
    कला प्रेमियों के लिए बड़ी खबर! ‘भारतीय नृत्य कला मंदिर’ में नए सत्र का नामांकन शुरू; कथक, भरतनाट्यम से लेकर गिटार तक… अब घर बैठे निखारें अपना हुनर

    Share Add as a preferred…

    Continue reading