
बिहार पुलिस सिपाही भर्ती परीक्षा के अंतिम दिन पश्चिम चंपारण के बेतिया से हाईटेक नकल का मामला सामने आया है। बेतिया के विपिन उच्च विद्यालय परीक्षा केंद्र पर एक अभ्यर्थी को कान में ब्लूटूथ डिवाइस लगाकर परीक्षा देते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया गया। सुरक्षाकर्मियों की सतर्कता से पूरे मामले का खुलासा हुआ।
कान में छिपाकर लगाया था ब्लूटूथ
परीक्षा के दौरान ड्यूटी पर तैनात बिहार पुलिस के जवानों को एक परीक्षार्थी की गतिविधियां संदिग्ध लगीं। जांच करने पर उसके कान से अत्यंत छोटा ब्लूटूथ डिवाइस बरामद हुआ, जिसकी मदद से वह परीक्षा में नकल कर रहा था।
परीक्षा खत्म होने से 5 मिनट पहले पकड़ा गया
सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि अभ्यर्थी परीक्षा समाप्त होने से महज पांच मिनट पहले पकड़ा गया। तलाशी के बाद उसे तुरंत हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी गई।
नवादा का रहने वाला है आरोपी
गिरफ्तार अभ्यर्थी की पहचान नवादा जिले के पताहा गांव निवासी अजय कुमार के रूप में हुई है। पुलिस यह जांच कर रही है कि वह अकेले इस तरीके से परीक्षा दे रहा था या उसके पीछे किसी संगठित नकल गिरोह का हाथ है।
सुरक्षा व्यवस्था पर भी उठे सवाल
घटना के बाद परीक्षा केंद्र की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं। कड़ी जांच के बावजूद इतना छोटा डिजिटल उपकरण परीक्षा केंद्र के अंदर कैसे पहुंचा, इसकी जांच की जा रही है। बताया जा रहा है कि ब्लूटूथ डिवाइस इतना छोटा था कि शुरुआती जांच में पकड़ में नहीं आया।
राज्यभर में 17 अभ्यर्थियों पर केस, 12 गिरफ्तार
बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग (CSBC) ने परीक्षा को पूरी तरह कदाचारमुक्त बनाने के लिए व्यापक इंतजाम किए थे। इसके बावजूद परीक्षा के दौरान कदाचार के आरोप में अब तक 17 अभ्यर्थियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है, जबकि 12 अभ्यर्थियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
9 जिलों में दर्ज हुई एफआईआर
पटना, नवादा, कैमूर, मुजफ्फरपुर, पश्चिम चंपारण, दरभंगा, कटिहार, मुंगेर और खगड़िया समेत नौ जिलों में कुल 11 एफआईआर दर्ज की गई हैं। इन मामलों में 17 अभ्यर्थियों को आरोपी बनाया गया है।
कमांड एंड कंट्रोल सेंटर से हुई निगरानी
आयोग के अनुसार परीक्षा की निगरानी के लिए पटना में अत्याधुनिक कमांड एंड कंट्रोल सेंटर बनाया गया था। यहां से राज्यभर के 544 और 431 परीक्षा केंद्रों की लाइव सीसीटीवी मॉनिटरिंग की गई। जिला प्रशासन, पुलिस और केंद्राधीक्षकों को लगातार सूचनाएं उपलब्ध कराई गईं, जिससे संदिग्ध गतिविधियों पर तत्काल कार्रवाई संभव हो सकी।
आयोग ने बताया कि मद्य निषेध सिपाही, कक्षपाल, चलंत दस्ता सिपाही, विशेष शाखा सिपाही तथा पुलिस दूरसंचार इकाई में चालक सिपाही समेत विभिन्न पदों के लिए आयोजित लिखित परीक्षा शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न हुई।


