
भागलपुर, 22 जुलाई 2025: भागलपुर शहर के व्यस्ततम वाणिज्यिक केंद्र शाह मार्केट में मंगलवार को अवैध निर्माण को लेकर जबरदस्त हंगामा देखने को मिला। वक्फ बोर्ड की जमीन पर कथित रूप से अवैध दुकान निर्माण के विरोध में हजारों दुकानदारों ने प्रदर्शन किया और बाजार को पूरी तरह बंद कर दिया।
दुकानदारों का आरोप है कि मतवली सैयद शाह इनायत हुसैन द्वारा मनमाने ढंग से दुकानों का निर्माण कराया जा रहा है, जिससे पहले से ही भीड़भाड़ वाले बाजार में स्थिति और बिगड़ती जा रही है। प्रदर्शनकारियों ने बताया कि शाह मार्केट में पहले से ही 1100 से अधिक दुकानें हैं, लेकिन न पार्किंग की सुविधा है, न ही जल निकासी और पीने के पानी की व्यवस्था। इसके बावजूद लगातार नई दुकानें बनाई जा रही हैं।
प्रदर्शनकारियों ने यह भी आरोप लगाया कि मतवली अवैध निर्माण के बदले मोटी रकम की वसूली कर रहे हैं।
मतवली इनायत हुसैन ने आरोपों को किया खारिज
इस पूरे मामले में वक्फ संपत्ति के देखरेख कर्ता सैयद इनायत हुसैन ने सभी आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि प्रदर्शन बेबुनियाद है और अफवाहों के आधार पर किया गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि मस्जिद से निकलने वाली नाली जाम हो रही थी, जिसकी मरम्मत करवाई जा रही थी। साथ ही कुछ पुरानी और जर्जर दुकानों की छतों का पुनर्निर्माण भी किया जा रहा था।
इनायत हुसैन ने यह भी आरोप लगाया कि प्रदर्शन के दौरान कुछ दुकानदारों ने उन्हें गालियां दीं और जान से मारने की धमकी भी दी। उन्होंने कहा कि वह इस मामले को लेकर पुलिस में शिकायत दर्ज कराएंगे।
पुलिस की मौजूदगी, फिलहाल बाजार बंद
घटना की जानकारी मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रण में लिया। हालांकि तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए अब भी बाजार पूरी तरह बंद है और दुकानदारों में नाराजगी बरकरार है।


