पटना में अतिक्रमण हटाने के दौरान बवाल, प्रशासनिक टीम पर पथराव; पुलिस अधिकारी घायल

बिहार में चल रहे अतिक्रमण हटाओ अभियान के बीच सोमवार को पटना में उस समय स्थिति तनावपूर्ण हो गई, जब कार्रवाई के दौरान प्रशासनिक टीम पर हमला कर दिया गया। घटना कंकड़बाग थाना क्षेत्र के रेनू पार्क के पास की बताई जा रही है। नगर निगम और पुलिस की संयुक्त टीम पर स्थानीय लोगों ने पथराव कर दिया, जिसमें एक पुलिस अधिकारी गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि कई अन्य पुलिसकर्मियों को भी चोटें आई हैं।

अतिक्रमण हटाने का विरोध

जानकारी के मुताबिक प्रमंडलीय आयुक्त के निर्देश पर पटना नगर निगम लगातार अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चला रहा है। इसी क्रम में सोमवार को नगर निगम की टीम पुलिस बल के साथ रेनू पार्क इलाके में अतिक्रमण हटाने पहुंची थी। जैसे ही कार्रवाई शुरू हुई, कुछ स्थानीय लोगों ने विरोध जताना शुरू कर दिया, जो देखते-ही-देखते उग्र हो गया।

नोकझोंक के बाद पथराव

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पहले प्रशासनिक अधिकारियों और स्थानीय लोगों के बीच बहस हुई, फिर भीड़ ने अचानक पथराव शुरू कर दिया। इस दौरान एक पुलिस अधिकारी के सिर में गंभीर चोट लगी, जबकि कई अन्य जवान भी घायल हो गए। हालात बिगड़ते देख अतिरिक्त पुलिस बल को मौके पर बुलाया गया और पूरे इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई।

वैकल्पिक व्यवस्था की मांग

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने सड़क पर उतरकर प्रदर्शन किया और कुछ जगहों पर आगजनी भी की। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि प्रशासन बिना किसी पुनर्वास या वैकल्पिक व्यवस्था के अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई कर रहा है। उनका कहना है कि वे लंबे समय से वहां रहकर अपनी आजीविका चला रहे हैं और अचानक हटाए जाने से उनके सामने रहने-खाने का संकट खड़ा हो जाएगा।

प्रशासन का बयान

मौके पर मौजूद नगर दंडाधिकारी आदित्य श्रीवास्तव ने बताया कि नगर निगम और पुलिस की संयुक्त टीम नियमित अभियान के तहत पहुंची थी, तभी कुछ लोगों ने पथराव कर दिया। उन्होंने कहा कि घायलों को प्राथमिक उपचार दिलाया गया है और सरकारी जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराना जरूरी है। साथ ही चेतावनी दी कि हिंसा और सरकारी कार्य में बाधा डालने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

  • Related Posts

    31 साल पुराने मामले में गिरफ्तार सांसद पप्पू यादव की जमानत टली, बम धमकी से कोर्ट की कार्यवाही बाधित

    Share Add as a preferred…

    Continue reading
    TRE-4 शिक्षक बहाली की मांग को लेकर पटना में अभ्यर्थियों का प्रदर्शन, 1 लाख से अधिक पदों पर भर्ती की उठी आवाज

    Share Add as a preferred…

    Continue reading