अररिया/सुनसरी। नए साल के पहले ही दिन भारत–नेपाल सीमा पर हालात बेकाबू हो गए। भारत से सटे नेपाल के सुनसरी जिले के लौकही इलाके में नेपाल सशस्त्र पुलिस बल और तस्करों के बीच हुई कथित मुठभेड़ में 45 वर्षीय कारोबारी विजय साह की मौत हो गई। इस घटना के बाद सीमावर्ती इलाके में भारी बवाल मच गया। आक्रोशित लोगों ने आगजनी, पथराव और सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया, जिससे जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया।
कोसी राजमार्ग रहा घंटों जाम
घटना के बाद सुनसरी जिले के कोसी गांवपालिका क्षेत्र में दिनभर पुलिस और ग्रामीणों के बीच हिंसक झड़पें होती रहीं। लौकही के पास नेपाल का प्रमुख पूर्व–पश्चिम राजमार्ग (कोसी राजमार्ग) पूरी तरह जाम रहा। सड़क पर शव रखकर प्रदर्शन किया गया, जिससे आवागमन ठप हो गया।
भारतीय पर्यटक भी फंसे
नए साल का जश्न मनाने नेपाल गए सैकड़ों भारतीय वाहन जाम में फंस गए। पिकनिक मनाने पहुंचे लोगों को घंटों तक गाड़ियों में ही इंतजार करना पड़ा और उन्हें भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
पुलिस चौकी में आग, भारी बल तैनात
आक्रोशित प्रदर्शनकारियों ने नेपाल आर्म्स पुलिस की एक चौकी को आग के हवाले कर दिया। इसके बाद सुनसरी जिला पुलिस कार्यालय से भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया। हालात पर काबू पाने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े, जबकि प्रदर्शनकारियों ने बोतलनुमा पेट्रोल बम फेंके, जिसमें दर्जनों सशस्त्र पुलिस बल के जवानों के घायल होने की सूचना है। भारत–नेपाल सीमा पर स्थित बॉर्डर आउट पोस्ट को भी नुकसान पहुंचाया गया।
स्थानीय लोगों के गंभीर आरोप
स्थानीय लोगों का आरोप है कि यह मुठभेड़ नहीं, बल्कि सीधी गोलीबारी थी।
स्थानीय निवासी देवकृष्ण यादव ने कहा,
“रात करीब एक बजे गोली चली थी। कारोबारी को गाड़ी में ही गोली मारी गई। चार गोली की आवाज सुनाई दी थी। सभी पुलिस की वर्दी में थे।”
वहीं राजरोहित यादव का कहना है,
“नेपाल सशस्त्र पुलिस पैसों की मांग कर रही थी। बहस के बाद हाथापाई हुई और कारोबारी को गोली मार दी गई। तस्करों के भागने की बात गलत है।”
पुलिस का पक्ष
नेपाल पुलिस के अनुसार, 31 दिसंबर और 1 जनवरी की दरम्यानी रात भारत से नेपाल चीनी समेत अन्य सामानों की तस्करी की जा रही थी। कारोबारी विजय साह सिटी सफारी वाहन से सामान ले जा रहे थे। नेपाल सशस्त्र पुलिस बल ने रोकने की कोशिश की तो वाहन भागने लगा। आरोप है कि आगे चल रहे ई-रिक्शा पर सवार लोगों ने पुलिस पर फायरिंग की, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में गोली चली और विजय साह की मौत हो गई।
तस्करी का सामान बरामद
पुलिस के मुताबिक विजय साह के पास से सात बोरा चीनी, खैनी, सर्फ और चॉकलेट बरामद हुई है। कारोबारी को चार गोली लगने की बात कही जा रही है, हालांकि इसकी पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी।
जांच जारी, एसपी मौके पर कैंप
सुनसरी जिला पुलिस कार्यालय के प्रवक्ता व डीएसपी चन्द्र खड़का ने बताया,
“घटनास्थल से दो खोखे बरामद हुए हैं। कितनी गोलियां चलीं और कारोबारी को कितनी गोली लगी, यह पोस्टमार्टम के बाद स्पष्ट होगा। सुनसरी के एसपी स्वयं मौके पर कैंप कर रहे हैं।”
परिजन को नौकरी का ऐलान, हालात सामान्य
घटना के बाद सुनसरी जिले के जिलाधिकारी ने प्रशासनिक और जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक की। समझौते के तहत मृतक के एक परिजन को नौकरी देने की घोषणा की गई है। इसके बाद इलाके में धीरे-धीरे शांति बहाल हो गई है, हालांकि सीमा क्षेत्र में सुरक्षा अभी भी कड़ी कर दी गई है।


