
गंगा पथ परियोजना को मिली स्वीकृति पर महापौर को पार्षदों ने दी बधाई
भागलपुर, 15 जुलाई 2025 — भागलपुर नगर निगम क्षेत्र में गंगा पथ परियोजना के अंतर्गत मरीन ड्राइव के निर्माण को केंद्र सरकार से स्वीकृति मिलने के बाद नगर निगम में उत्सव का माहौल रहा। इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर नगर निगम के पार्षदों ने मंगलवार को महापौर डॉ. वसुंधरा लाल को उनके कार्यालय में पुष्पगुच्छ भेंट कर हार्दिक बधाई दी।
महापौर डॉ. वसुंधरा लाल ने बीते कई वर्षों से इस परियोजना के लिए केंद्र सरकार से निरंतर संवाद और पैरवी की थी। उनके प्रयासों का ही परिणाम है कि आज भागलपुर जैसे ऐतिहासिक शहर को मरीन ड्राइव जैसी आधुनिक रिवरफ्रंट परियोजना की सौगात मिली है।
एक संक्षिप्त समारोह में उपस्थित पार्षदों ने इस विकास कार्य को भागलपुर के लिए “ऐतिहासिक कदम” करार दिया। पार्षदों ने कहा कि मरीन ड्राइव न केवल शहर की सुंदरता बढ़ाएगा बल्कि पर्यटन, रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को भी नया आयाम देगा।
महापौर ने सभी पार्षदों और जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा,
“यह भागलपुर की सामूहिक जीत है। गंगा पथ परियोजना से जुड़ी यह मरीन ड्राइव सिर्फ एक निर्माण कार्य नहीं, बल्कि भागलपुर के भविष्य की नींव है।”
यह मरीन ड्राइव पटना के गंगा पथ की तर्ज पर विकसित किया जाएगा और आधुनिक नागरिक सुविधाओं से युक्त होगा। इससे न केवल यातायात सुगम होगा, बल्कि गंगा किनारे पर्यटन को भी बल मिलेगा।
इस अवसर पर पार्षद संजय कुमार सिन्हा, पंकज कुमार गुप्ता, दीपक साह, प्रदीप कुमार, नंद गोपाल, विकास कुमार, बॉबी तांती समेत अन्य प्रतिनिधि उपस्थित रहे।


