
Central Board of Secondary Education (CBSE) ने 10वीं बोर्ड परीक्षा 2026 का परिणाम बुधवार, 15 अप्रैल को जारी कर दिया है। इस बार बोर्ड ने 12वीं से पहले 10वीं का रिजल्ट घोषित कर एक नया ट्रेंड सेट किया है।
बोर्ड के अनुसार, इस बदलाव के पीछे मुख्य कारण 10वीं कक्षा के लिए लागू की जा रही नई “दो चरणों में परीक्षा” प्रणाली है, जिसे इस साल से लागू किया जा रहा है।
इस वर्ष करीब 26 लाख छात्रों ने CBSE 10वीं की परीक्षा दी थी, जिनका लंबे समय से इंतजार अब खत्म हो गया है। छात्र अपना रिजल्ट CBSE की आधिकारिक वेबसाइट के अलावा रिजल्ट पोर्टल, DigiLocker और UMANG ऐप पर भी देख सकते हैं।
ऐसे करें रिजल्ट चेक
रिजल्ट देखने के लिए छात्रों को आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर “CBSE Class 10 Result 2026” लिंक पर क्लिक करना होगा। इसके बाद रोल नंबर, स्कूल नंबर, जन्म तिथि और एडमिट कार्ड आईडी दर्ज कर सबमिट करना होगा। इसके बाद परिणाम स्क्रीन पर दिखाई देगा।
नई व्यवस्था: दो बार परीक्षा का मौका
CBSE ने इस साल पहली बार 10वीं बोर्ड के लिए सेकंड एग्जाम आयोजित करने का निर्णय लिया है। यह परीक्षा 15 मई से 1 जून के बीच आयोजित की जाएगी। पहले चरण में शामिल छात्र अधिकतम तीन विषयों में इस परीक्षा में बैठ सकते हैं, ताकि वे अपने अंकों में सुधार कर सकें।
पास होने के नियम
बोर्ड के नियमों के अनुसार, छात्रों को पास होने के लिए कुल 33 प्रतिशत अंक प्राप्त करना अनिवार्य है। साथ ही प्रत्येक विषय में भी न्यूनतम 33 प्रतिशत अंक होना जरूरी है।
- 1 या 2 विषय में फेल: कंपार्टमेंट परीक्षा का मौका
- 2 से अधिक विषय में फेल: छात्र को असफल घोषित किया जाएगा
CBSE की इस नई व्यवस्था से छात्रों को न सिर्फ जल्दी रिजल्ट मिल रहा है, बल्कि उन्हें अपने प्रदर्शन में सुधार का एक अतिरिक्त अवसर भी मिल रहा है।


