बंटी यादव हत्याकांड: पटना पुलिस पर बड़ी कार्रवाई, 4 पुलिसकर्मी सस्पेंड; हत्या के मुख्य आरोपी अब भी फरार

पटना | राजधानी पटना के चर्चित बंटी यादव हत्याकांड में पुलिस विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले चार पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई पटना सेंट्रल एसपी ममता कल्याणी के निर्देश पर की गई।

इन चार पुलिसकर्मियों पर गिरी गाज

निलंबित किए गए पुलिसकर्मियों में शामिल हैं:

  • एएसआई प्रवीण कुमार पंकज
  • एएसआई अवधेश कुमार
  • एएसआई वीर बहादुर सिंह
  • गृह रक्षक सुदर्शन प्रसाद

सभी का मुख्यालय नवीन आरक्षी पुलिस केंद्र, पटना निर्धारित किया गया है। साथ ही तीन दिनों के भीतर उनसे लिखित स्पष्टीकरण मांगा गया है।

घटनास्थल से सिर्फ 100 मीटर दूर थी पुलिस

जांच में सामने आया कि 6 जुलाई की रात, जब महावीर मंदिर के पास से बंटी यादव का अपहरण हुआ, उस समय ये सभी पुलिसकर्मी घटनास्थल से करीब 100 मीटर की दूरी पर गश्ती और डायल-112 ड्यूटी पर तैनात थे। इसके बावजूद उन्हें घटना की भनक तक नहीं लगी। विभाग ने इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए कार्रवाई की।

5 दिन बाद मिला था शव

बंटी यादव का अपहरण 6 जुलाई को हुआ था। 11 जुलाई को उसका शव अथमलगोला से बरामद किया गया, जो पटना से करीब 60 किलोमीटर दूर है।

पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के अनुसार:

  • युवक की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या की गई।
  • शरीर पर कई गंभीर चोटों के निशान मिले।
  • गोली लगने या छर्रे मिलने की पुष्टि नहीं हुई।
  • दाहिने हाथ पर बने टैटू को नुकीली चीज से मिटाने की कोशिश की गई थी।
  • हाथ में पहना कड़ा पोस्टमॉर्टम के समय गायब मिला।

मुख्य आरोपी अब भी पुलिस की पकड़ से बाहर

इस सनसनीखेज हत्याकांड में नामजद मुख्य आरोपी समेत कई आरोपी अभी भी फरार हैं। पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है, लेकिन अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।

बंटी यादव हत्याकांड में पुलिसकर्मियों के निलंबन के बाद अब सवाल यह है कि मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी कब होगी और इस हाई-प्रोफाइल केस में आगे क्या नई कार्रवाई होती है।

  • ये भी पढ़े..

    अमेरिका-ईरान तनाव के बीच बिहार के युवक की मौत का दावा, गोपालगंज के परिवार में मातम

    Share Add as a preferred…

    दरभंगा में काली मंदिर के बरामदे में युवक की चाकू मारकर हत्या, खून से लथपथ शव मिलने से मचा हड़कंप

    Share Add as a preferred…